सौतेले पिता ने नाबालिग पुत्री को बनाया हवस का शिकार, मां सहित भाई बहन को जान से मारने की देता था धमकी
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सौतेले पिता ने सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं उसकी बहन, भाई और मां को मौत के घाट उतारने की बात कह कर डरा धमका रहा था। जब पीड़िता ने रो-रो कर अपना दर्द अपनी मां को बताया तब उसने पुलिस चौकी पहुंचकर सौतेले बाप की करतूत पुलिस के समक्ष में बयां किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल दरिंदे पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक बस्ती में 4 बच्चों की मां जिसके पति का 5 साल पहले देहांत हो गया था वह रोजी मजदूरी कर अपने बच्चों को पाल रही थी। जिसके दो लड़की और दो लड़के हैं। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक मिस कॉल आया और उस मिस कॉल पर कॉल करने के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। जिससे बात होती थी उसके भी पत्नी की मौत हो चुकी थी। उसके भी चार बच्चे थे। दोनों के बीच आपसी सहमति बनी और पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। महिला आसपास बर्तन धोकर अपने और उसके बच्चों का भरण पोषण कर रही थी। उसका पति भी टेंट हाउस में काम कर रहा था, लेकिन दरिंदे की नजर उसकी 11 साल की बड़ी बेटी के ऊपर थी। उसने कुछ माह पहले उसे अपने हवस का शिकार बनाना चाहा, लेकिन नाबालिग ने इसका विरोध किया। उसके बाद भी वह घटना को अंजाम देने के बाद उसके भाई और मां को जान से मारने की धमकी देने लगा जिससे नाबालिग डरी सहमी थी। बीती रात सौतेले पिता ने मां और बच्चों के सोने के बाद उसके साथ जबरजस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जहां पीड़िता ने सुबह होने पर अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कार्यवाही कर रही है।