हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामपुर में बढ़ी चोरों की सक्रियता,पुलिस ने क्षेत्र में बढ़ाई गश्त, इसके बाद भी बाइक की चोरी
कोरबा। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामपुर में दोपहिया व पेट्रोल चोरों से लोग परेशान है। वजह करीब एक महीने से कॉलोनी में खड़े स्थानीय लोगों के दोपहिया वाहन चोरी हो जा रही है या उनके पेट्रोल पार कर लिए जा रहे हैं। परेशान कॉलोनी के लोगों ने कुछ दिन पहले एसपी ऑफिस पहुंचकर चोरी रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की थी। शनिवार की रात सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन उपाध्याय ने उक्त कॉलोनी में पेट्रोलिंग करने का निर्देश पुलिस टीम को दिया।देर रात पेट्रोलिंग टीम कॉलोनी पहुंची। हर ब्लॉक में सायरन बजाते हुए पेट्रोलिंग वाहन गुजरी, वहीं कॉलोनी के युवा भी रात में निगरानी कर रहे थे, लेकिन सुबह पता चला कि पुलिस पेट्रोलिंग व अलग से निगरानी के बाद भी ब्लॉक-36 से रात में बाइक सीजी-12-एवाई-4252 चोरी हो गई। जिससे कॉलोनी में हडक़ंप मच गया। एक तरह से चोरों ने कालोनीवासियों के साथ-साथ पुलिस को भी चुनौती दे दी है। एएसआई दुर्गेश राठौर के मुताबिक मामले में जांच की जा रही है।खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज पेट्रोलिंग के बावजूद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से बाइक चोरी हो जाना पुलिस के लिए चुनौती है। इसलिए पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए सुराग जुटाने के प्रयास में जुटी है। लगातार चोरी की घटना की वजह से पिछले दिनों के सीसीटीवी फुटेज भी देखा जा रहा है।