कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के क्षेत्र क्रमांक 16 की सदस्य मोहन बाई धीरहे ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा से आवास निर्माण में किये गये भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की है। उन्होंने आवास मित्र गंगाराम रात्रे पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत बेला में पदस्थ आवास मित्र गंगाराम रात्रे निवासी ग्राम पंचायत करुमौहा द्वारा फर्जी जीओ टैग कर आवास निर्माण की राशि का भुगतान आवास हितग्राहियों को करवाया गया है। फिर हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर आवास निर्माण हेतु जारी राशि को अपने निजी बैंक खाता में ट्रान्सफर करवा लिया गया। आवास मित्र को राशि प्राप्त होने के बाद भी आवास निर्माण नहीं करवाया गया। प्रधानमंत्री आवास को आधा अधूरा छोड दिया गया है। आवास मित्र गंगाराम द्वारा भोले भाले आदिवासियों, पिछडी जनजाति, पहाड़ी कोरवा परिवारों को ठगकर आवास निर्माण की राशि का गबन किया गया। उक्त मामले की जाँच पूर्व में जनपद पंचायत कोरबा द्वारा कराया गया था। जिसमें लगभग 11 लाख रूपये का गबन आवास मित्र गंगाराम रात्रे के द्वारा होना पाया गया था। जिसमें उच्च अधिकारियों द्वारा पुलिस एफआईआर दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया था। किन्तु आज पर्यन्त भी आवास निर्माण राशि को गबन करने वाले आवास मित्र गंगाराम रात्रे पर कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने मामले में हुई जाँच के आधार पर तत्काल कार्यवाही की मांग की है ताकि मरीब हितग्राहियों को उनका हक अधिकार का लाभ मिल सके।
![]()




























