ईतवारी बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में नहीं हुआ सुधार, ईतवारी बाजार व्यापारी संघ कर चुका है शिकायत
कोरबा। शहर के सबसे पुराने ईतवारी बाजार क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं बनी है। इसमें सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक की है । इसके कारण यहां की व्यापारिक गतिविधियां बेहद प्रभावित हो रही हैं। साथ ही बाजार करने पहुंचने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ईतवारी बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनीश मेमन इस संबंध में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम को समस्या से अवगत भी करा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
कोरबा नगर का सबसे पुराना बाजार ईतवारी बाजार है। रविवार और गुरुवार को यहां सप्ताहिक बाजार लगता है। व्यापारियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने पिछले सालों में यहां पौनी पसारी योजना तहत चबूतरे और छायादार शेड तैयार कराए, लेकिन शॉपिंग कांपलेक्स से लेकर आंतरिक मार्ग बदहाली का शिकार हैं। कई कारणों से लोगों की पहुंच मार्केट में नहीं हो पा रही है । इसके चलते मुख्य मार्ग पर संचालित होने वाली दुकानों पर असर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि ईतवारी बाजार की हालत बहुत ही खराब है। यहां कई व्यापारी अपनी चार चक्का गाड़ी दुकान के बाहर खड़ी कर देते हैं। वहीं कई दुकानदार दुकान से बाहर रोड तक सामान निकाल देते हैं, जिसके कारण पूरा यातायात प्रभावित हो जाता है। रविवार और गुरुवार को यहां स्थिति बद से बदतर हो जाती है, क्योंकि कई व्यापारियों का माल छोटा हाथी, पिकअप, मेटाडोर में आता है और दुकानदार अपनी दुकान के सामने गाड़ियां खड़ी कर माल उतरवाते व लोड करते हैं। जिसके कारण पूरा ट्रैफिक कई घंटे तक जाम हो जाता है। रविवार व गुरुवार को यहां सप्ताहिक बाजार लगती है जिसमें लोग दूर-दूर से यहां सब्जी व रोजमर्रा के जरूरत का सामान लेने आते हैं, लेकिन उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक जाम होने की स्थिति आ जाती है। जिससे आम लोगों को बहुत ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग व बच्चे शामिल हैं।
![]()




























