Tuesday, September 16, 2025

ओवरबर्डन क्षेत्र में हाथियों का झुंड कर रहा विचरण, लोगों में दहशत, वन अमला कर रहा निगरानी

Must Read

ओवरबर्डन क्षेत्र में हाथियों का झुंड कर रहा विचरण, लोगों में दहशत, वन अमला कर रहा निगरानी

 

कोरबा। कोरबा के जंगलों में हाथियों की धमक बनी हुई है। दोनों वन मंडल कोरबा और कटघोरा में हाथियों की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। वनमंडल कटघोरा अंतर्गत चोटिया खदान के ओवरबर्डन क्षेत्र में हाथियों का झुंड एक बार फिर पहुंचा है। झुंड में एक बेबी एलीफेंट के अलावा 16 हाथी शामिल है। झुंड ने जंगल से लगे किसानों की खेतों में लगे फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। नुकसान कितना हुआ है इसका आंकलन अभी नहीं हो सका है। वन विभाग का कहना है कि जल्द ही एक टीम नुकसान का आंकलन करेगी और रिपोर्ट तैयार कर मुआवजा देने के लिए जरूरी प्रक्रिया को पूरी करेगी। वर्तमान में कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में 48 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। ये हाथी कई झुंड में बंटे हुए हैं। इन्हीं में से एक झुंड बालको के बंद चोटिया खदान के ओवरबर्डन में पहुंचा हुआ है। इस क्षेत्र में लगाए गए पौधों की ऊंचाई कम है और इस क्षेत्र में लगे पौधों को हाथी अपने चारे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। बांस भी ओवरबर्डन में लगाया गया है, जिसे हाथी खा रहे हैं। वन विभाग की ओर से बताया गया है कि कटघोरा वनमंडल के चोटिया खदान के आसपास ओवरबर्डन का बड़ा हिस्सा है और इस पर कई वर्ष पहले पौधे लगाए गए थे। इसकी ऊंचाई कम है और पूरा क्षेत्र वनों से आच्छादित है। जगह-जगह बांस भी लगाए गए हैं। इसकी पत्तियों को हाथियों का दल खा रहा है। वन विभाग की ओर से बताया गया है कि रविवार को 17 हाथियों का एक झुंड ओवरबर्डन इलाके में पहुंचा था। झुंड काफी देर तक ओवर बर्डन में विचरण कर रहा था। शाम को झुंड ओवरबर्डन से थोड़ी दूरी पर स्थित ग्राम बनिया की ओर निकल गया। इसी गांव के आसपास वर्तमान में झुंड ठहरा हुआ है। इस पर नजर रखी जा रही है। इस क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। यह कहा जा रहा है कि वे हाथी विचरण क्षेत्र में जाने से बचें। झुंड ने इस क्षेत्र में लगे फसल को नुकसान पहुंचाया है। जंगल के आसपास ग्रामीणों के खेत स्थित हैं और वर्तमान में इसमें सब्जियों के अलावा दलहन और तिलहन की फसल भी खेतों में लगी है। इसे झुंड ने नुकसान पहुंचाया है।

Loading

Latest News

मारपीट में घायल युवक की हुई मौत

मारपीट में घायल युवक की हुई मौत कोरबा। मारपीट में घायल युवक की मौत हो गई। मामला थाना तक जाने...

More Articles Like This