कांग्रेस जो वादा करती है उसे पूरा करती है : फूलसिंह राठिया
कोरबा। शिक्षा का अधिकार कानून और ज्यादा से ज्यादा बच्चों को शिक्षित करने के उद्देश्य से कांगे्रस ने यह निर्णय लिया है कि केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई नि:शुल्क कराई जाएगी। आर्थिक तंगी के कारण जो बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते थे और सरकारी नौकरी से वंचित हो जाते थे ऐसे लोगों के लिए शासन द्वारा व्यवसायिक पाठ्यक्रम और तकनीकी शिक्षा भी हायर सेकेंडरी के साथ उपलब्ध कराई जा रही है। कांगे्रस जो वादा करती है उसे पूरा करती है।
उक्त बातें कांग्रेस के रामपुर उम्मीदवार फूलसिंह राठिया ने कुदमुरा, कटकोना, बरपाली में जनसंपर्क के दौरान कही। उन्होंने कि वर्ष 2018 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर घोषणा कर कहा था कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने पर पहली केबिनेट में किसानों का कर्ज माफ करने का कार्य किया जाएगा और वहीं हुआ भी। वर्ष 2019 में सरकार गठन के बाद मात्र दो घंटे में प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने किसानों के कर्ज माफी का कार्य किया। इस बार राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कहा है कि पुन: कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे। साथ ही केजी1 से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए प्रदेश सरकार धान का समर्थन मूल्य भी बढ़ाने जा रही हैं। 2650 रुपये के स्थान पर 3000 प्रति क्विंटल की दर से आगामी वर्षों में की जायेगी। इस वर्ष से धान की खरीदी 20 क्विंटल एकड़ कर दी गई हैं। पहले 16 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की जा रही थी। जिससे किसानों को बचा हुआ धान औने-पौने दाम में बेचना पड़ता था। अब यह नौबत नहीं आएगी और सरकार पूरा धान खरीदने जा रही हैं। श्री राठिया ने कहा कि पूरे प्रदेश में 17.50 लाख गरीब परिवारों को आवास देने का लक्ष्य रखा गया हैं और यह सारा काम सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा। लघु वनोपजों पर सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 10 रुपये अतिरिक्त देने का निर्णय लिया गया हैं। भाजपा सरकार में गिने-चुने लघु वनोपजों की खरीदी की जाती थी। जिससे बिचौलिए भोले-भाले आदिवासियों का लाभ उठाते थे, और उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। कांग्रेस द्वारा लिए गए निर्णय के कारण अब उनकी आर्थिक प्रगति की राह खुल गई है।