किचन में घुसकर बैठा था कोबरा, किया गया रेस्क्यू
कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र में रहने वाला एक परिवार दहशत में तब आ गया जब आचनक उनकी नजर किचन में बैठे एक सांप पर पड़ी। रात्रि 9.30 बजे के आस पास पूरा परिवार भोजन करने की तैयारी में था, पर उनको क्या पता था किचन में एक विषैला नाग बैठा हुआ है। जो पता नहीं कब से घुस कर बैठा हुआ था और किचन में लगे कारपेट में छुप कर थोड़ा सा सिर बाहर किए हुए था। जिसको देख महिला भाग खड़ी हुई, फिर डरे सहमे परिवार ने इसकी जानकारी वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी। सूचना प्राप्त होते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी कुसमुंडा के लिए रवाना हो गए। जितेंद्र ने सांप का रेस्क्यू किया। साथ ही जितेंद्र सारथी ने बताया यह कोबरा (नाग) सांप हैं जो बेहद ही ज़हरीला होता हैं और खतरा महसूस होने पर ही काटता हैं। अच्छी बात रही कि किचन में भोजन बनाने से लेकर खाने की तैयारी तक कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। आखिरकार कोबरा सांप को डिब्बे में बंद किया जिसके बाद घर वालों ने राहत भरी सांस ली।
![]()

