कॉपी गलत जांची या नंबर जोड़ने, लिखने में गलती की तो तीन साल के लिए पारिश्रमिक कार्यों से होंगे वंचित, रुक सकती है वेतन वृद्धि भी, जो विषय पढ़ाते हैं उसी की कॉपी जांच सकेंगे

Must Read

कोरबा। दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से जिले के दो केंद्रों में शुरू हो गई। अब तक दोनों केंद्रों पर करीब 1 लाख से अधिक कॉपियां पहुंच चुकी हैं।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के निर्देशानुसार इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। मूल्यांकन या अंकों की गणना में गलती पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों के अनुसार गंभीर लापरवाही मिलने पर शिक्षक को तीन से पांच वर्ष तक बोर्ड के पारिश्रमिक कार्यों से वंचित किया जा सकता है, वहीं अधिक गंभीर मामलों में एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की सिफारिश भी की जाएगी। बोर्ड के मुख्य परीक्षा वर्ष 2022-23 से लागू आदेश के अनुसार 20 से 40 अंकों तक की वृद्धि पाए जाने पर शिक्षक को तीन साल के लिए बोर्ड कार्य से अलग किया जाएगा। 41 से 49 अंकों की वृद्धि वाले मामलों में पांच वर्ष तक प्रतिबंध रहेगा। यदि अंतर 50 अंकों से अधिक पाया गया तो पांच साल तक पारिश्रमिक कार्य से वंचित करने के साथ-साथ एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की अनुशंसा की जाएगी। जिले में बनाए गए दोनों मूल्यांकन केंद्रों में कॉपियों की जांच का काम अलग-अलग किया जाएगा। विभाग ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी निष्पक्षता, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ करने कहा है। शिक्षक केवल उसी विषय की कॉपियां जांचें, जिसे वे पढ़ाते हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मूल्यांकन शुरू करने से पहले प्रश्नपत्र और आदर्श उत्तर का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना अनिवार्य है, ताकि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।

मोबाइल और बैग मूल्यांकन कक्ष के बाहर ही रख कर जाना होगा
मुख्य परीक्षा मूल्यांकन सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक निर्धारित है। शिक्षकों को सुबह 10 बजे मूल्यांकन कक्ष में उपस्थित होना होगा। वे कक्ष में मोबाइल, बैग नहीं ले जा सकेंगे। 10.10 बजे उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। 10.20 से 12.20 बजे तक पहली पाली का मूल्यांकन होगा। 10 मिनट लघु विश्राम पश्चात 12.30 से 1.30 बजे तक मूल्यांकन एवं अंक तालिका संबंधी कार्य किया जाएगा। आधे घंटे भोजन अवकाश के बाद द्वितीय पाली का समय अपरान्ह 2 से 5.30 बजे तक रहेगा। मूल्यांकन 2 से 4 बजे तक होगा। 10 मिनट लघु विश्राम के बाद 4.10 से 5.10 बजे तक मूल्यांकन एवं अंक तालिका तथा 5.30 बजे तक अभिलेखन किया जाएगा।

दोनों पालियों में 20-20 कॉपी जांचेंगे, निष्पक्ष मूल्यांकन करेंगे
प्रतिदिन दोनों पालियों में निर्धारित अनुसार 20-20 उत्तरपुस्तिकाएं जांचेंगे। गलत उत्तर पर स्पष्ट रूप से शून्य अंक लिखना होगा। यदि परीक्षार्थी ने निर्धारित से अधिक प्रश्न हल किए हों तो अतिरिक्त उत्तर को लाल स्याही से काटकर अतिरिक्त लिखेंगे। सभी खाली पन्नों पर लाल स्याही से क्रॉस करना अनिवार्य है। कोई भी लिखा हुआ उत्तर बिना जांचे छोड़ना दंडनीय त्रुटि मानी जाएगी। आदर्श उत्तर से भिन्न परंतु सही उत्तर को उचित अंक देना होगा। भाषा विषय में वाक्य संरचना, भाव, शुद्धता और समझ के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन करेंगे।

Loading

Latest News

कोरबा में 3.34 करोड़ का अमानक चावल खपाने का खुलासा, विपक्ष का वॉकआउट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को कोरबा जिले में अमानक चावल की खरीदी का मामला छाया...

More Articles Like This