खबर प्रकाशन के बाद खुलने लगी भ्रष्टाचार की पोल, लाखों का गोलमाल, महिलाओं को नहीं मिली सिलाई मशीन, शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची हितग्राही महिला
कोरबा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने ग्राम पंचायतों में 10-10 सिलाई मशीन पात्रों को बांटा जाना था। इस श्रेणी में परित्यक्तता दिव्यांग और विधवा महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं को कागजों में सिलाई मशीन बांटकर जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र में 69 लाख 57 हजार का भ्रष्टाचार किया गया है। इस खबर को हमने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशन के बाद अब भ्रष्टाचार की पोल खुलने लगी है। हितग्राही महिलाएं शिकायत लेकर सामने आने लगी हैं। मंगलवार को ग्राम पंचायत कुकरीचोली जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत निवासरत दीपक कुमार कंवर शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंची थी, उन्होंने शिकायम में कहा है कि उन्हें खबर के माध्यम से जानकारी मिली कि जिले में डीएमएफ फंड से दिव्यांग, विधवा व परित्यक्तता को स्वरोजगार हेतु सिलाई मशीन का वितरण किया गया है। जिसमें ग्राम पंचायत कुकरीचोली में 10 लोगों को सिलाई मशीन का वितरण किया जाना था, लेकिन मात्र दो लोगों को ही सिलाई मशीन दिया गया है। उन्हें अब तक सिलाई मशीन नहीं दिया गया है, जबकि आरटीआई से निकाले गए दस्तावेजों में सिलाई मशीन सभी को वितरित किया जाना बताया जा रहा है। महिला ने दोषियों पर कार्यवाही करते हुए सिलाई मशीन दिलाने की मांग की है। इस तरह अब सिलाई मशीन वितरण में की गई गड़बड़ी की परत खुलने लगी है। बताया जा रहा है कि कोरबा जनपद पंचायत के अन्य ग्राम पंचायतों की महिलाएं जल्द ही शिकायत लेकर पहुंचेंगी। सूत्र बताते हैं कि यह भ्रष्टाचार केवल जनपद पंचायत कोरबा ही नहीं बल्कि सभी जनपद पंचायतों में किया गया है, भ्रष्टाचार की राशि करोड़ों में है।
![]()




























