गजब है! डेढ़ साल में भी शुरू नहीं हुआ नाली निर्माण का कार्य , कवर्ड आरसीसी नाली निर्माण कार्य के लिए 20.27 लाख का किया गया था टेंडर जारी, नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा में बह रही विकास की उलटी गंगा

Must Read

कोरबा। ट्रिपल इंजन की सरकार के बाद भी नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा में विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त है। वर्ष 2024 में नाली निर्माण के लिए जारी निविदा का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है, या यूं कहे कि काम अब तक शुरू ही नहीं किया गया है। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में मूलभूत सुविधा के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा होना चाहिए था। सरकार की भी यही मंशा है। मगर हैरानी की बात तो यह है कि बाँकीमोंगरा में विकास की उल्टी गंगा बह रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश में भाजपा के विष्णु देव साय की सरकार है। बाँकीमोंगरा में भाजपा की अध्यक्ष सत्ता में विराजमान है। ट्रिपल इंजन की सरकार से बाँकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के क्षेत्र वासियों को उम्मीद थी कि विकास के नए आयाम गढ़े जाएंगे। मगर इसे विडंबना ही कह सकते हैं कि ट्रिपल इंजन की सरकार के बाद भी नाली निर्माण जैसे एक छोटे कार्य को वर्षों बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं किया जा सका है। ऐसे में क्षेत्र के बड़े विकास कार्य के पूरा होने की कितनी गारंटी है इसे सहज ही समझा जा सकता है। नए सीमांकन के बाद नगर पालिक निगम कोरबा से अलग होकर नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा का निर्माण हुआ है। नव निर्मित पालिका को विकास की भारी दरकार है। पहली बार हुए चुनाव में क्षेत्र की जनता ने भाजपा की सोनी झा को सत्ता की बागडोर सौंपी है। मगर उनके कार्यकाल में विकास कार्यों की जो रफ्तार देखने को मिल रही है, उससे जनता खुश हो ऐसा प्रतीत नहीं हो रहा है। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत प्रकाश जनरल स्टोर से जय माता दी ऑटो गैरेज तक कवर्ड आरसीसी नाली निर्माण कार्य के लिए वर्ष 2024 में निविदा जारी की गई थी। कार्य को अधोसंरचना मद की 20.27 लाख की लागत से पूरा किया जाना था। 27 नवम्बर 2024 को निविदा डालने की अंतिम तिथि थी। निर्माण कार्य को तीन माह के भीतर पूरा करना था। लगभग डेढ़ साल के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिसकी वजह से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र की जनता में पालिका परिषद के अफसरों को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी है। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को भी कार्य को लेकर जानकारी नहीं है। वह फाइल देखकर बता पाने की बात कर रहे हैं। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरा करने के प्रति अधिकारी कितने गंभीर हैं। क्षेत्र में चर्चा तो इस बात की भी है कि कहीं संबंधित स्थान के नाली निर्माण को दीगर स्थान पर तो नहीं कर दिया गया है।

वर्सन

काम शुरू नहीं हुआ होगा। मुझे इसके लिए फाइल देखना पड़ेगा।

ज्योत्सना टोप्पो, सीएमओ नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा

Loading

Latest News

14 तक शादियों के लिए मुहूर्त, 15 मार्च से 14 अप्रैल तक रहेगा खरमास, 15 अप्रैल से मिलेगा लग्न, मई तक एक महीने फिर...

कोरबा। रंगोत्सव के समापन के बाद विवाह मुहूर्त शुरू हो चुके हैं। कोरबा में अब फिर शहनाइयों की गूंज...

More Articles Like This