कोरबा। घरेलू और व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेण्डर के दामों में की गई वृद्धि और भाजपा नेता के द्वारा अफीम खेती के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में टीपी नगर चौक के पास विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी के साथ कैंडल मार्च निकाला गया। भाजपा पार्टी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेण्डर में 60 और कमर्शियल गैस सिलेण्डर में 115 रुपए की बढ़ोत्तरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। इस वृद्धि से सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर असर पड़ेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने गैस सिलेण्डर के बढ़े हुए दामों के लिए मोदी सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि बीजेपी सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई बेकाबू होती जा रही है। आज के समय में सभी घरों की रसोई में गैस सिलेण्डर जरूरी हो गया है, लेकिन इसके दामों में लगातार बढ़ोत्तरी से गृहणियों में आक्रोश दिख रहा है। ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि एक तरफ हिंदुस्तान की आम जनता बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर है, वहीं दूसरी तरफ खाद्य सामग्री, ईंधन, गैस सिलेण्डर के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी से आर्थिक समस्या उत्पन्न होती जा रही है। पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेण्डर के दामों में एक साथ 60 रुपए की वृद्धि से भारत भर के सभी घरों के रसोई का जायका फीका पड़ गया है। वहीं रेस्टोरेंट होटलों में नाश्ता – भोजन के दामों में असर दिखेगा। कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के पास ईंधन सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्य योजना नहीं है और आनन फानन में एलपीजी गैस के दामों में बड़ी बढ़ोत्तरी कर दी है। इस बढ़ोत्तरी को तत्काल वापस लेने की जरूरत है, अगर ऐसा नहीं किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। जमनीपाली दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम उगाने वाले भाजपा नेता विनायक ताम्रकार गांव में लगभग 300 एकड़ में खेती करते हैं, जिसमें से लगभग 150 एकड़ भूमि सरकारी है। श्री तिवारी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बालको ब्लॉक अध्यक्ष एडी जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। नशे का सामान गली मोहल्ले में निर्बाध बिक रहा है, वहीं स्कूली बच्चों को भी परोसा जा रहा है। सीतामणी मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेण्डर मात्र 500 रुपए में देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने सवा दो साल बीतने के बाद भी लागू नहीं किया है । 500 रुपए में देना तो दूर की बात है इसके विपरीत 1000 रूपये से भी अधिक दामों पर घरेलू गैस सिलेण्डर लेना पड़ रहा है। कार्यक्रम को महिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) प्रभासिंह तंवर, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, पीसीसी सचिव विकास सिंह, बांकीमोंगरा नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष मधुसुदन, संतोष कुमार देवांगन, पार्षद रवि चंदेल, पूर्व पार्षद सनीष कुमार, रोपा तिर्की, मस्तुल कंवर, अविनाश बंजारे, टीपी नगर मण्डल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, गिरधारी बरेठ, मनहरण राठौर (इंटक) सहित अन्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कुंजबिहारी साहू, मुन्ना खान, जगन्नाथ थवाईत, राजेश श्रीवास, शशि अग्रवाल, लक्ष्मी महंत, क्रांति सोनी, नफीसा हुसैन, मीरा अग्रवाल, सीमा उपाध्याय, गीता महंत, जमुना राठौर, माधुरी ध्रुव, मीरा सिंह, रामकुमार, आकाश प्रजापति, अवधेश लाठिया, अनिल कुमार, संजू अग्रवाल, त्रिवेणी मिरी, जेपी नामदेव, शशिराज, अमित पन्ना, दिलेश्वर आदिले, अमरनाथ कैवर्त, रमेश वर्मा, राजेश यादव, एकनाथ बंजारे, विवेक श्रीवास, अश्वनी पटेल, अमित सिंह, मीनीकेत, रविश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()

