चुनाव कराने मतदान दल रवाना, मतदान सामग्री का किया गया वितरण, 1081 मतदान केन्द्र में 9लाख 18 हजार 358 करेंगे वोट
कोरबा। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए आयोग ने तैयारियां मुकम्मल कर ली है। जिले के चार विधानसभा सीटों पर 51 प्रत्याशी मैदान में है जिनके भाग्य का फैसला शुक्रवार को मतदाता करेंगे। जिले में कुल 1081 मतदान केन्द्रों के लिए गुरुवार को मतदान दलों को रवाना किया गया। आईटी कॉलेज से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। मतदान दल को केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है। गुरुवार सुबह रिंग रोड पर स्थित आईटी कॉलेज से झगरहा से मतदान सामग्री का वितरण दलों को किया गया। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि जिले में मतदान हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदाता अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के नजदीकी मतदान केन्द्रों में पहचान पत्र साथ ले जाकर मतदान कर सकते हैं। मतदान केन्द्रों के लिए जरुरी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर, रैम्प की सुविधाएं मुहैया कराई गई है। जिले में 1081 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों में एक पीठासीन अधिकारी, मतदान दल अधिकारी-1, मतदान दल अधिकारी-2 एवं मतदान दल अधिकारी-3 तथा एक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों में अतिरिक्त बल लगाया गया है। इसके अलावा 115 सेक्टर अधिकारी, 52 माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटी लगी है। आपातकालीन स्थितियों के लिए लगभग एक हजार मतदान कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। जिले में आठ हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके लिए आयोग ने सभी तैयारी पूरी कर ली है।
बॉक्स
चारों सीट पर 51 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
17 नवंबर को कोरबा जिले की सभी चार विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसमें कोरबा, पाली तानाखार, कटघोरा और रामपुर शामिल है। चारों सीट पर 51 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 19 उमीदवार कोरबा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। कटघोरा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस, जोहार छत्तीसगढ़ और कयुनिस्ट पार्टी के उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। पाली में अभी तक कांग्रेस और गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के बीच सीधा मुकाबला हुआ है। लेकिन इस बार भाजपा के प्रत्याशी रामदयाल उइके ने मुकाबला को त्रिकोणीय बना दिया है। रामपुर सीट पर कांग्रेस के फूलसिंह कंवर भाजपा प्रत्याशी ननकीराम कंवर को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। विधानसभा के पिछले चुनाव में कोरबा सीट पर कांग्रेस की विजय हुई थी। पाली तानाखार और कटघोरा की सीट भी कांग्रेस की झोली में गई थी।
बाक्स
314 बस और 106 चारपहिया गाडिय़ों का अधिग्रहण
मतदान दल को बूथों तक ले जाने के लिए आयोग ने 314 बसों का अधिग्रहण किया है। सेक्टर अधिकारियों के लिए 106 चारपहिया गाडिय़ां ली गई हैं। इसके अलावा रिजर्व में भी कुल अधिग्रहण का 10 फीसदी गाडिय़ां रखी गई हैं। ताकि जरुरत पडऩे पर इनका उपयोग किया जा सके।
![]()

