चुनाव से लौटी बसें, यात्रियों को मिली राहत
कोरबा। विधानसभा चुनाव के लिए यात्री बसों का अधिग्रहण हो जाने से सडक़ों से कई रूट की यात्री बसें गायब हो गई थी। अब मतदान संपन्न होने के बाद यात्री बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। दूर-दराज व अन्य राज्य जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। त्योहार मनाने के लिए घर आए अन्य राज्य के लोगों को बस नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिले से सैकड़ों स्कूली और यात्री बसें मतदान कर्मी और सुरक्षाबलों के लिए अधिग्रहित की गई थी। दीपावली के बाद से ही यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पांच दिनों तक यात्री परेशान रहे। ज्यादातर छोटी मिनी बसें ही चलीं। इसमें खचाखच भीड़ होने से भी लोग परेशान रहे। बसों के नहीं चलने से सडक़ें सुनसान थी। बसों में रायपुर इलाज कराने जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कत हुई। प्राइवेट वाहन भी अधिग्रहित होने से लोगों को कार भी आसानी से नहीं मिल रही थी। मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बसें सडक़ पर दौडऩे लगी हैं। दीपावली के बाद से सडक़ों पर चहल-पहल काफी कम थी। दोपहिया व चार पहिया वाहन भी काफी कम चल रहे थे और दुकानें भी ज्यादातर बंद थी। अब चुनाव के बाद सडक़ों पर भी काफी चहल-पहल दिखाई दी। बस स्टैंड में पिछले पांच दिनों से सन्नाटा पसरा था। अब लगभग सभी बसें सडक़ पर चलनी शुरू हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की ओर भी बसें चलना प्रारंभ हो गई है।
![]()

