कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को रेलवे ने कई महत्वपूर्ण स्थानों पर महिला कर्मचारियों से ही काम लिया। इस अवसर पर महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से टीटीई लॉबी बिलासपुर में एक विशेष महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने मंडल की महिला कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा उन्हें निरंतर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर तथा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में कोरबा से बिलासपुर तक टिकट चेकिंग की जिम्मेदारी महिला टिकट चेकिंग स्टाफ को दी गई। इसके साथ ही बिलासपुर स्टेशन के अनारक्षित टिकट घर और आरक्षित टिकट घर में प्रथम पाली में टिकटिंग सहित सभी काम महिला कर्मचारियों ने किए। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन में बिलासपुर मंडल में महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बिलासपुर मंडल में वर्तमान में कुल 1106 महिला अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 6 राजपत्रित अधिकारी तथा 1100 अराजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं। महिलाएं केवल पारंपरिक भूमिकाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोको पायलट, स्टेशन प्रबंधक, टिकट चेकिंग, इंजीनियरिंग, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), ट्रैफिक कंट्रोल, वाणिज्यिक सेवाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
![]()

