कोरबा। किडनी की बीमारी से जूझ रहे एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मी ने टूथपेस्ट को खा लिया। इसके थोड़ी ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां सप्ताह भर तक चले इलाज के बाद वृद्ध की मौत हो गई। मामले में अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
उरगा थानांतर्गत ग्राम धमनागुड़ी में सोहन दास 77 वर्ष निवास करता था। एसईसीएल रजगामार से सेवानिवृत्त होने के बाद उसकी देखरेख बड़ी बहू धनेश्वरी बाई करते आ रही थी, जबकि मंझला पुत्र रविदास अपने परिवार के साथ कुसमुंडा के अवध नगर में रहकर रोजी मजदूरी करता है। सोहन दास किडनी की बीमारी से ग्रसित था। उसकी बहू उसे समय समय पर अस्पताल ले जाकर उपचार कराती थी। उसने तबीयत बिगडऩे पर होली के दूसरे दिन ससुर सोहन दास को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करा दी। इसकी जानकारी होने पर मंझला बेटा रवि पिता को देखने पहुंचा। उसने अपनी भाभी से पूछताछ की तो पता चला कि होली की पूर्व संध्या बुुजुर्ग ने टूथपेस्ट को खा लिया था, जिसके थोड़ी ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। अपने पिता की कुशल क्षेम जानने के बाद रवि घर लौट गया। अस्पताल में रिटायर्ड कर्मी का उपचार चल रहा था। करीब सप्ताह भर चले इलाज के बाद गुरूवार की सुबह रिटायर्ड कर्मी ने दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी। मेमों के आधार पर अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
![]()

