ठेकेदार के आवास पर ईडी का छापा, टीम के सदस्य खंगाल रहे दस्तावेज
कोरबा। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार को एक बार फिर कोरबा में दबिश दी। इस बार ठेकेदार जयप्रकाश अग्रवाल के डीडीएम रोड स्थित आवास में टीम ने कार्यवाही की है। छापा को लेकर डीएमएफ और मनी लांड्रिंग को लेकर चर्चा है। हालांकि इस संबंध में कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शहर के ठेकेदार जयप्रकाश अग्रवाल के यहां ईडी की टीम ने दबिश दी है। डीडीएम रोड स्थित उनके निवास पर शुक्रवार को सुबह से सीआरपीएफ के जवानों का पहरा रहा और भीतर ईडी के अधिकारी छानबीन करते रहे। जेपी अग्रवाल के घर ईडी के छापा की खबर से शहर में खलबली मची हुई है। टीम आज सुबह डीडीएम रोड स्थित उनके निवास पर पहुंची और छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, 2 गाडिय़ों में 9 अधिकारी पहुंचे हैं। जयप्रकाश अग्रवाल लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और मल्टीपल चेयरमेन रहे हैं। साथ ही वे पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। ईडी द्वारा उनके आवास पर दी गई दबिश को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही है। हालांकि छापा की असली वजह क्या है इसकी जानकारी ईडी के अधिकारियों द्वारा अभी साझा नहीं की गई है। छापा को लेकर जो चर्चा चल रही है उसकी माने तो कहा जा रहा है कि जयप्रकाश के एक रिश्तेदार का कनेक्शन मनी लांड्रिंग से है, जिसका पुख्ता इनपुट मिलने पर ईडी की टीम ने दबिश दी है। खबर लिखे जाने तक आवास में ईडी की टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच जारी थी।
![]()

