कोरबा। जिले में छेड़छाड़ से आहत होकर खुदकुशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका पिता के साथ रिश्तेदार के घर विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। वह पानी के लिए गई थी, इसी दौरान दूल्हे के दोस्त की बुरी नजर उस पर पड़ गई। वह अपने मंसूबे में कामयाब होता, इससे पहले ही रोने की आवाज सुनकर पिता मौके पर जा पहुंचा। उसे देखते ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। जिले के सरहदी पुलिस चौकी कोरबी के अंतर्गत ग्राम बाबूपारा में ललित उईके निवास करता है। उसने अपनी शादी में नाते रिश्तेदारों के अलावा दोस्तों को आमंत्रित किया था। जिसमें शामिल होने क्षेत्र में ही रहने वाला ग्रामीण अपनी नाबालिग बेटी के साथ पहुंचा था। वहीं ग्राम अन्नपूर्णा, थाना प्रेमनगर जिला सूरजपुर से ललित का दोस्त नरेंद्र उइके भी शादी में आया था। नरेंद्र की नियत नाबालिग को देखकर बिगड़ गई थी। वह नाबालिग पर नजर रख रहा था। 8 मार्च की तड़के करीब 4 बजे नाबालिग पानी लेने गई थी। इसी दौरान नरेंद्र भी जा धमका। उसने नाबालिग को जबरिया पकड़कर खींचने लगा। जिससे नाबालिग बुरी तरह घबरा गई। वह बचाव के लिए चिल्लाते हुए रोने लगी। यह आवाज शौच से लौट रहे नाबालिग के पिता को सुनाई दी। वह किसी अनहोनी की आशंका से मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही नरेंद्र मौके से भाग निकला। पिता नाबालिग बेटी के साथ ललित के घर पहुंचा, जहां से सुबह वह बेटी को लेकर घर के लिए रवाना हो गया। वह रास्ते में अपनी बेटी के घर थोड़ी देर रूका हुआ था। इसी बीच नाबालिग बिना बताए कहीं चली गई। उसने थोड़ी देर बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह खबर मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश जोगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जांच उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
![]()

