कोरबा। दोस्तों के साथ गए युवक ने नहाने के लिए दर्री बरॉज में छलांग लगा दी। वह नहाते समय गहरे पानी में डूबने लगा। पहले तो दोस्त मजाक समझते रहे। उन्होंने माजरा समझ आते ही बचाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन सफल नही हो सके। वे खुद भी बचाव की कोशिश में बाल बाल बचे। उनकी आंखों के सामने ही युवक पानी में डूबकर नजरों से ओझल हो गया। पुलिस ने नगर सेना के गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना रविवार की दोपहर घटित हुई। बताया जा रहा है कि दर्री थानांतर्गत जय भगवान गली में नौशाद अली अंसारी 22 वर्ष निवास करता था। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कंपनी से रविवार अवकाश होने के कारण नौशाद अपने तीन दोस्त के साथ घूमने फिरने और नहाने के लिए दर्री बराज गया था। वे सभी कलमीडुग्गु के समीप दर्री बरॉज पर बने घाट पहुंचे, जहां थोड़ी देर तक सभी दोस्त हंसी ठिठोली करते रहे। इसके बाद नहाने की तैयारी करने लगे। इस बीच नौशाद ने पानी में छलांग लगा दी। वह नहाते समय गहरे पानी में चला गया, जहां पानी का बहाव तेज होने के कारण डूबने लगा। उसे डूबते देख दोस्त मजाक समझते रहे, लेकिन थोड़ी ही देर में उन्हें माजरा समझ आ गया। वे बचाव का प्रयास करने लगे, इस कोशिश में दोस्त भी तेज धार की चपेट में आ गए। जिससे बाल बाल बच गए। उनकी आंखों के सामने ही नौशाद गहरे पानी में चला गया। उनकी चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशीष सिंह ने टीम रवाना कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोस्तों से पूछताछ की। तत्पश्चात नगर सेना के जिला सेनानी योगिता साहू को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर नगर सेना के गोताखोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। यह ऑपरेशन देर शाम तक चलता रहा, लेकिन युवक का कोई सुराग नही मिला था। सोमवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रही।
![]()

