कोरबा। राज्य बिजली कंपनी के नियमित कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ जल्द मिलेगा। विभिन्न संगठनों की ओर से मांग उठाई गई है। वरिष्ठता सूची पर बीओडी से अप्रूवल मिल चुका है। वहीं राज्य शासन के दूसरे विभागों की तरह बिजली कंपनी में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने रिपोर्ट विभाग ने तैयार की है। अनुमोदन के बाद आगे प्रक्रिया होगी। बीएमएस से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने अखिल भारतीय मंत्री व विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल के नेतृत्व में मुलाकात की। इस दौरान बिजली कंपनी के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना, पदोन्नति समेत अन्य लंबित मांगों पर चर्चा हुई है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि चेयरमैन ने जानकारी दी है कि बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू किए जाने बिजली कंपनी ने रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह अधिकारियों के पास लंबित है। अनुमोदन मिलते ही इस पर जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कर्मचारियों की पदोन्नति के मामले में बताया गया कि 2004 की स्थिति में वरिष्ठता सूची तैयार की गई है। बीओडी से अनुमोदन की कार्रवाई के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चेयरमैन ने आश्वस्त किया है कि महासंघ की दूसरे अन्य मांगों पर भी कंपनी स्तर पर चर्चा करने बैठक की जाएगी। ताकि प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हो सके। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, प्रदेश कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे, रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे, कोषाध्यक्ष पवन ओंगले समेत अन्य उपस्थित थे। पुरानी पेंशन की बहाली समेत बिजली कंपनी के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की बहाली समेत दूसरे अन्य मांगें भी लंबित है। इनमें करियर प्लानिंग योजना, स्टेशन भत्ता बढ़ाने, रिक्त पदों पर भर्ती, लंबित पदोन्नति सूची जारी करने, भू-विस्थापित कर्मचारियों को वेतन पुनरीक्षण का लाभ, सी-ऑफ सुविधा बहाल करने, वाहन भत्ते की महंगाई भत्ते से जोड़ने व ठेका कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा की मांग भी शामिल है। इस ओर बिजली कंपनी का ध्यान आकृष्ट कराने क्षेत्रीय मुख्यालयों व बिजली उत्पादन केन्द्रों के सामने आमसभा व प्रदर्शन किया जा चुका है।
![]()




























