बाजार में अतिक्रमण, ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों ने शुरू की मनमानी
कोरबा। शहर में लंबे समय से अतिक्रमण के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से कई व्यापारियों ने मनमानी शुरू कर दी है। जिससे प्रमुख बाजार व मार्गो पर लोगों के आवाजाही के लिए जगह कम पड़ता जा रहा है। दरअसल व्यापारियों ने त्योहारी सीजन की आड़ में दुकान से लेकर सड़क तक सामान सजा लिया है।सीजन तो चला गया लेकिन ज्यादातर व्यापारियों की मनमानी नहीं गई। शहर में सबसे ज्यादा परेशानी इतवारी बाजार में है। जहां एक ओर ज्यादातर व्यापारियों ने सड़क के आधे हिस्से तक सामान फैला रखा है। दूसरी ओर पूर्व में इतवारी बाजार क्षेत्र से नॉनवेज मार्केट दूसरी जगह शिफ्ट करने के बाद अब पुन: आधा दर्जन से अधिक नॉनवेज दुकान खुल चुके हैं।सड़क किनारे खुलेआम मुर्गा-मटन नॉनवेज काटे और बेचे जा रहे हैं। जिस कारण एक तो आवाजाही करने वाले आमजन गंदगी के बीच से गुजरते हैं तो दूसरी ओर नॉनवेज खरीदी के लिए लोगों के सड़क पर वाहन खड़ी कर देने से जाम की स्थिति निर्मित होती है। इस कारण इतवारी बाजार क्षेत्र में खरीदी के लिए पहुंचने वाले खरीदार समेत आम राहगीर परेशान है।सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सिन्हा ने बयान जारी कर इतवारी बाजार में अव्यवस्था फैले होने का उल्लेख करते हुए अवैध नॉनवेज दुकानों की वजह से लोगों की परेशानी व जाम की स्थिति निर्मित होना बताया है। उनके मुताबिक पूर्व में इतवारी बाजार में नॉनवेज दुकान बंद कराए गए थे लेकिन कांग्रेस शासनकाल में वहां नॉनवेज दुकान खोल दी गई है।जिस कारण अब आम आदमी का बाजार से सामान खरीदी व गुजरा मुश्किल हो गया है। साथ ही सड़कों पर लोग वाहन लगाकर नॉनवेज की खरीदी करते हैं। जिससे आए दिन बाजार में जाम लगता है। इतवारी बाजार व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष द्वारा प्रशासन को बाजार में आवागमन परिवहन गाड़ियों के कारण बाधित होना बताया है, लेकिन अवैध रूप से वहां चल रहे नॉनवेज की दुकान हटाने के लिए कोई मांग नहीं की जा रही है जो की गलत है। नगर निगम भी अवैध नॉनवेज दुकानों को हटाने में रुचि नहीं ले रही है। उन्होंने नॉनवेज दुकानो को इतवारी बाजार से तत्काल हटाने की मांग की है।
![]()




























