रामपुर सीट पर तुरूप का इक्का साबित होते रहे हैं ननकी, 1972 से लगातार 11 बार चुनावी मैदान में रहे, 6 बार मिली जीत

Must Read

रामपुर सीट पर तुरूप का इक्का साबित होते रहे हैं ननकी, 1972 से लगातार 11 बार चुनावी मैदान में रहे, 6 बार मिली जीत

कोरबा। रामपुर विधानसभा सीट पर ननकी राम कंवर भाजपा की हमेशा से पसंद रहे है। एक बार फिर पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। वह प्रदेश के भाजपा प्रत्याशियों में से सबसे उम्रदराज प्रत्याशी हैं। अब तक हुए चुनाव में 11 बार मैदान में उतर चुके हैं, जिसमें 6 बार पार्टी को जीत दिला चुके हैं। हमेशा इस सीट पर ननकी भाजपा के लिए तुरूप का इक्का साबित होते रहे हैं।
जिले की रामपुर विधानसभा सीट में अब तक कुल 13 चुनाव हुए हैं। इन चुनावों में 8 बार ऐसा मौका आया है, जब कांग्रेस से प्यारे लाल कंवर और भाजपा के ननकी राम कंवर चुनावी मैदान में आमने-सामने रहे हैं। इन मुकाबलों में 4 बार प्यारे लाल की जीत हुई है और 4 बार ननकी राम ने बाजी मारी है। यही नहीं ये कहें की इस सीट के मास्टर ब्लास्टर खिलाड़ी ननकी राम कंवर रहे हैं तो गलत नहीं होगा। क्योंकि इस सीट से उन्होंने कुल 11 बार चुनाव लड़ा और 6 बार जीत दर्ज की है। 1972 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारतीय जनसंघ की टिकट पर पहली बार चुनावी चौसर में अपनी बिसात बिछाई। हालांकि यह चुनाव वह कांग्रेस के प्यारे लाल से 10392 वोट से हार गए। लेकिन इसके बाद 1977 में हुए चुनाव में उसकी बिछाई बिसात काम आई और उन्होंने जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के प्यारे लाल को 2055 वोट से हरा दिया। वर्तमान में वे इस क्षेत्र के विधायक हैं और 2018 का विधानसभा चुनाव उन्होंने 18175 वोटों से जीता था। रामपुर सीट में अब तक हुए विधानसभा चुनाव की बात करें तो यहां से कांग्रेस ने 7 बार, भाजपा ने 5 और जनता पार्टी ने एक बार चुनाव जीता है। रामपुर विधानसभा सीट में पहला चुनाव वर्ष 1951 में हुआ। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रूद्रशरण प्रताप सिंह ने 9045 वोट से जीत दर्ज की। इसके बाद 1957 और 1962 में यहां चुनाव नहीं हुए क्योंकि 1952 के परिसीमन में यह सीट विलुप्त हो गई। वहीं 1962 में एक बार फिर से हुए परिसीमन में यह सीट वापस अपने अस्तित्व में आई और 1967 में यहां दूसरा चुनाव हुआ। इस चुनाव में कांग्रेस के प्यारे लाल ने भारतीय जनसंघ के प्रेम सिंह को 7638 वोट से हराया था।
बॉक्स
सबसे बड़ी और कम अंतर से जीतने वाले भी ननकी
रामपुर विधानसभा सीट में अब तक हुए चुनावों में सबसे ज्यादा वोट के अंतर से चुनाव जीतने और सबसे बड़े अंतर से चुनाव जीतने वालों की बात करें तो भी ननकी राम कंवर का नाम ही सामने आता है। चुनावी आंकड़ों के अनुसार ननकी राम कंवर ने 1998 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे सरमन सिंह को 31063 वोट से हराया था। इसी तरह छत्तीसगढ़ गठन के बाद जब पहला विधानसभा चुनाव हुआ तो ननकी राम कंवर के सामने उनके प्रतिद्वंदी थे कांग्रेस के प्यारे लाल। दोनों के बीच कांटे की टक्कर थी। इस चुनाव में भाजपा को 35642 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के खाते में 35262 वोट आए। इस तरह यह चुनाव ननकी राम कंवर ने महज 380 वोट से जीता था।
बॉक्स
2018 के चुनाव में कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही
रामपुर विधानसभा चुनाव में अब तक कुल 13 चुनाव हुए हैं। इस सीट से सर्वाधिक 7 बार विधानसभा चुनाव जीतने वाली कांग्रेस पार्टी साल 2018 के चुनाव में तीसरे स्थान पर रही। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व विधायक श्याम लाल कंवर को 44261 वोट मिले थे। भाजपा ने इस सीट से चुनाव जीता था और ननकीराम कंवर को कुल 65048 वोट मिले थे। वहीं दूसरे स्थान पर जोगी की जनता कांग्रेस छत्?तीसगढ़ थी, जिसके प्रत्याशी फूल सिंह राठिया को 46873 वोट मिले थे।
बॉक्स
रामपुर विधानसभा सीट के विधायक
वर्ष विधायक पार्टी
1951 रूद्रशरण प्रताप सिंह कांग्रेस
1967 प्यारे लाल कांग्रेस
1972 प्यारे लाल कांग्रेस
1977 ननकी राम कंवर जेएनपी
1980 प्यारे लाल कांग्रेस
1985 प्यारे लाल कांग्रेस
1990 ननकी राम कंवर बीजेपी
1993 प्यारे लाल कांग्रेस
1998 ननकी राम कंवर बीजेपी
2003 ननकी राम कंवर बीजेपी
2008 ननकी राम कंवर बीजेपी
2013 श्याम लाल कंवर कांग्रेस
2018 ननकी राम कंवर बीजेपी
(रामपुर विधानसभा में 1957 और 1962 में यहां चुनाव नहीं हुए।)

Loading

Latest News

24 घंटे के भीतर 3 लोगों ने की आत्महत्या

कोरबा। पिछले 24 घंटे के भीतर 3 लोगों ने आत्महत्या कर ली। सर्वमंगला रेलवे ब्रिज पर फांसी के फंदे...

More Articles Like This