कोरबा। रेलवे स्टेशन कोरबा में यात्रियों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार की सुविधा है। मुख्य प्रवेश द्वारा के साथ ही एसईसीएल मानिकपुर के रास्ते इमलीडुग्गू बायपास से स्टेशन की सेकेंड गेट भी है। 10 जनवरी को सेकेंड एंट्री गेट को एफओबी क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था। आवश्यक मरम्मत के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए इस गेट को रविवार को फिर खोल दिया गया है। गेट बंद होने से उस रास्ते से स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों को असुविधा हो रही है। यहां बताना होगा कि हाल ही में स्टेशन साईडिंग क्षेत्र में कार्य के दौरान एक वाहन के फुट ओवर ब्रिज से टकराने की घटना हुई थी। इसके बाद डिप्टी मुख्य अभियंता (ब्रिज) द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से इस फुट ओवरब्रिज को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर फुट ओवर ब्रिज पर आवश्यक मरम्मत एवं संरचनात्मक सुधार कार्य शीघ्रता से प्रारंभ कराए गए। सामान्यत: इस कार्य में लगभग दो माह का समय लगने की संभावना थी, किंतु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा कार्य को प्राथमिकता देते हुए तीव्र गति से पूर्ण कराया गया। मरम्मत कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने और फुट ओवर ब्रिज को पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद इसे अब यात्रियों के आवागमन के लिए पुन: खोल दिया गया है। यात्री अपनी सुविधानुसार सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं।
![]()




























