श्रमिक नेता पर हमला करने वाले फरार आरोपियों की हो रही तलाश
कोरबा। नशे मे धुत युवकों के बीच हो रहे विवाद के दौरान बीच बचाव करना श्रमिक नेता को महंगा पड़ गया। घटना के कुछ ही देर बाद युवकों ने घेरकर हमला बोल दिया। इस दौरान सडक़ के बीच डिवाइडर में लगे एंगल से वार कर दिया गया। घटना में एटक नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल से अपोलो रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना सोमवार की रात करीब दस बजे घटित हुई। बताया जा रहा है कि एसईसीएल दीपका में कार्यरत एटक नेता मनमीत सिंह किसी काम से पाली रोड दीपका गए थे। जहां कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। मामला शांत होने के बाद श्री सिंह सोमवारी बाजार के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान चार युवकों ने घेर लिया। वे विवाद के दौरान श्री सिंह के मौके पर होने की बात कहते हुए मारपीट करने लगे। युवकों ने सडक़ में डिवाइडर पर लगे एंगल को निकालकर हमला कर दिया। उनके हमले में श्री सिंह को गंभीर चोंट आई। वे बेहोश होकर जमीन पर जा गिरे। घटना को अंजाम देकर युवक भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने श्रमिक नेता को इलाज के लिए विभागीय अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उन्हें सघन उपचार के लिए अपोलो रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रात करीब तीन बजे दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करते हुए उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
![]()




























