कोरबा। शहर का न्यूनतम तापमान इस माह सप्ताहभर में एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी सामान्य से एक से दो डिग्री तक की बढ़ोत्तरी रिकॉर्ड होने की संभावना है। बदली-बारिश के आसार नहीं है। वहीं, दूसरे सप्ताह से तापमान में और बढ़ोतरी होने से गर्मी महसूस होने लगेगी। फरवरी के दो दिनों में शहर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ा हुआ दर्ज हुआ है। इसमें 1 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से अधिक रहा। 2 फरवरी यानी सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके मुताबिक फरवरी में इस बार अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री तक ज्यादा रह सकता है। इस सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है, जबकि अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में रोज ही थोड़ी-थोड़ी बढ़ोत्तरी होगी। जिले के मौसम में अभी भी उतार-चढ़ाव जारी है। इसकी वजह से रात के समय और सुबह हल्की ठंड पड़ रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह 2 से 3 डिग्री फिर गिरावट हो सकती है। दिन में धूप चुभने लगी है, लेकिन शहर के बाहर अभी भी शाम होते ही ठंड शुरू हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार आगे न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके आगे शनिवार तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर पहुंच सकता है। इस वजह से रात के समय हल्की ठंड रहेगी। अधिकतम तापमान अभी 31 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में शहर के बजाय अधिक ठंड पड़ रही है। कोसाबाड़ी से आगे और बालको क्षेत्र में रात के समय ठंड अधिक लगती है। अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव होगा। इसके बाद ठंड का असर समाप्त हो जाएगा।
![]()




























