कोरबा। नशे में धुत युवक बुलेट सहित सड़क पर जा गिरा। हादसे में युवक के सिर, पीठ सहित शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डॉयल 112 की टीम ने युवक को बेहोशी की हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया। अस्पताल के कर्मचारियों ने सिर्फ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, बल्कि ईमानदारी की मिसाल भी पेश की उन्होंने जेब में रखे 15 हजार 10 रूपए नगदी सहित मोबाइल को पुलिस के सुपुर्द किया, जिसे पुलिस ने सेहत में सुधार होने पर युवक को सौंप दिया है।
दरअसल बालको काफी पाइंट मार्ग में रविवार की शाम एक युवक खून से लथपथ पड़ा था। उसके करीब ही क्षतिग्रस्त हालत में बुलेट क्रमांक सीजी 12 बीएस 7180 पड़ी थी। उसे बेहोशी की हालत में पड़े देख लोग एकत्रित हो गए। उनकी सूचना पर डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां उपचार से पूर्व कर्मचारियों की नजर युवक के जेब पर गई। उन्होंने जेब में रखे सामान को निकालकर देखा तो पांच पांच सौ के तीस और एक दस का नोट तथा मोबाइल मिला। यह रकम देख कर्मचारियों की नियत नहीं डगमगाई। उन्होंने पूरे मामले से सिनियर अधिकारी कर्मचारियों को अवगत कराया। साथ ही जेब में मिली रकम व मोबाइल को अस्पताल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सोमवार की सुबह अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान अपनी टीम के साथ ट्रामा वार्ड पहुंचे। उन्होंने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अमरैया पारा निवासी प्रवीण शर्मा बताया। उसने बताया कि वह एक इलेक्ट्रानिक दुकान में सेल्समेन का काम करता है। वह घूमने फिरने केसला घाट गया था, जहां उसने दो बोतल बीयर का सेवन कर लिया। उसके जेब में वेतन के रूप में मिली रकम व मोबाइल रखे होने की जानकारी दी। पुलिस ने पूरी तरह तस्दीक करने के बाद युवक की पत्नी सहित अन्य परिजनों की मौजूदगी में नगदी रकम को सौंप दिया। यह रकम गलत हाथ में लगती तो निश्चिततौर पर युवक को स्वास्थ्य के साथ साथ आर्थिक नुकसान भी हो सकता था।
![]()

