कोरबा। शहर में प्रति व र्ष की तरह इस बार भी दोनों संगठन हिंदू क्रांति सेना सीतामणी से टीपीनगर बस स्टैंड व विहिप-बजरंग दल कोसाबाड़ी से टीपीनगर तक शोभायात्रा व झांकियां निकालेगा। इस दौरान भीड़भाड़ के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए 10 दिन पहले ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसपी लखन पटेल मातहत अधिकारियों के साथ रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं। होली में शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़ी ड्यूटी के बाद पुलिस अब 19 मार्च को शहर में आयोजित होने वाले हिंदू नववर्ष के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा तैयारी में जुट गई है। शोभायात्रा व झांकियों के दौरान जहां भीड़ में शामिल लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, दूसरी ओर शहर में यातायात व्यवस्था भी बाधित न हो, इसके लिए रूट चार्ट भी तैयार किया जा रहा है। अब तक की तैयारी के हिसाब से आयोजन के दौरान 500 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। चौक-चौराहों पर पुलिस व यातायात के जवान मुस्तैद रहेंगे। प्रमुख स्थानों पर टेंट लगाकर अस्थाई पुलिस सहायता केंद्र तैयार किया जाएगा। भीड़ पर निगरानी के लिए मचान बनाकर हाई रेंज बाइनाकूलर कैमरा से निगरानी की जाएगी, इसके अलावा ड्रोन से भी निगरानी होगी। पुलिस के मुताबिक शहर में हिंदू नववर्ष पर अलग-अलग संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विशेष तैयारी कर रही है। भीड़भाड़ के दौरान चौक-चौबंद सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। निगरानी के लिए पुलिस जवानों के अलावा सीसी कैमरे व ड्रोन की मदद ली जाएगी। भीड़भाड़ के बीच शामिल असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और कार्रवाई की जाएगी।
![]()

