Thursday, February 26, 2026

हैलीपेड में बनाया जाएगा विजिटर रूम

Must Read

हैलीपेड में बनाया जाएगा विजिटर रूम

कोरबा। कई दशक बाद अब शहर के मुड़ापार स्थित हैलीपेड में वीआईपी ठहरने के लिए नगर निगम द्वारा 18 लाख 68 हजार रुपए की लागत से विजिटर रूम बनाया जाएगा। एसईसीएल द्वारा घंटाघर से मुड़ापार जाने वाले मार्ग के किनारे मस्जिद के पास मैदान में कई दशक पहले अस्थाई हैलीपेड का निर्माण कराया गया था। शहर के बीच स्थित होने की वजह से जिला बनने के बाद प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर से वीआईपी के आगमन होने पर हैलीपेड का इस्तेमाल किया जाने लगा। खेल मैदान में अक्सर खेलकूद व अन्य कार्यक्रम होने के साथ ही शहर में जगह-जगह बिजली टॉवर व तार का जाल बिछे होने की वजह से हैलीपेड के लिए दूसरा उपयुक्त स्थान नहीं मिला। ऐसे में मुड़ापार अस्थाई हैलीपेड में ही हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होती है। हैलीपेड में मुख्य रूप से मंत्री, विधायक जैसे वीआईपी को लेकर आने वाले हेलीकॉप्टर ही उतरते हैं। लैंडिंग के बाद वीआईपी के कुछ देर ठहरने के लिए हैलीपेड पर किसी तरह का इंतजाम नहीं है। ऐसे में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वीआईपी को सीधे रेस्ट हाउस जाना पड़ता है। इसके मद्देनजर अब मुड़ापार हैलीपेड का उन्नयन किया जाएगा। नगर निगम द्वारा डीएमएफ से 18 लाख 68 हजार रुपए लागत से वीआईपी के ठहरने के लिए विजिटर रूम का निर्माण किया जाएगा।हेलीकॉप्टर से शहर में वीआईपी के पहुंचने से कई घंटे पहले आला अधिकारी व राजनीतिक पार्टियों के प्रमुख पदाधिकारी हैलीपेड पहुंच जाते हैं। जहां उन्हें खुले स्थान में घंटों तक इंतजार करते हुए खड़े रहना पड़ता है। विजिटर रूम बनने से हेलीकॉप्टर के आने से पहले तक उच्च अधिकारियों व नेताओं को वहां बैठकर इंतजार करने की व्यवस्था मिलेगी। वहीं हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद वीआईपी भी भीड़ में जाने से पहले विजिटर रूम में कुछ देर ठहरकर फ्रेश हो सकेंगे।

Loading

Latest News

लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने भरी हुंकार, आईटीआई चौक में किया काम बंद हड़ताल

कोरबा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने आईटीआई चौक में धरना प्रदर्शन किया। लंबित मांगों को लेकर धरना दो दिवसीय धरना...

More Articles Like This