अंबिकापुर, मड़वा, कोरबा पश्चिम और रायपुर सेंट्रल की टीम ने जीते मैच, विद्युत कंपनी अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन हुए दिलचस्प मुकाबले
कोरबा। विद्युत कंपनी अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन खेले गए सभी मैच काफ़ी रोमांचक रहे। चौथे दिन कुल चार मैच खेले गए, जिसमें दो मैच कोरबा पूर्व के फुटबाल मैदान एवं दो मैच कोरबा पश्चिम के लाल मैदान में खेले गए।कोरबा पूर्व में खेले गए पहले मैच में अंबिकापुर ने 6 विकेट से जीत हासिल की। दुर्ग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर कुल 97 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अम्बिकापुर की टीम ने 15.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर अपने 98 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। मैच के मैन ऑफ द मैच जे पी सोनी रहे, जिन्होंने 3 ओवरों में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। दूसरे मैच में मड़वा की टीम ने ने 9 रन से जीत हासिल की। मड़वा के कप्तान दिनेश मेश्राम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 19.2 ओवरों में कुल 107 रन बनाए जिसके जवाब में राजनांदगांव की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर केवल 98 रन ही बना सकी। मैच के मैन ऑफ द मैच मड़वा के संजय देशमुख रहे जिन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। इसी प्रकार दर्री स्थित लाल मैदान में खेले गए पहले रोमांचक मैच में रायपुर रीजन ने 18.3 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 113 रन का लक्ष्य कोरबा पश्चिम की टीम को दिया। जिसके जवाब में कोरबा पश्चिम की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर इस लक्ष्य को प्राप्त किया। यह मैच काफ़ी रोमांचक रहा क्योंकि यह एक लो स्कोरिंग मैच था, जहां कोरबा पश्चिम को अंतिम 6 गेंदों में 5 रन की जरूरत थी जिसमें कोरबा पश्चिम के बल्लेबाज गौरव गुप्ता ने अंतिम ओवर के अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर कश्मोकश भरे मैच में जीत हासिल की और रायपुर रीजन को हराया। मैच के मैन ऑफ द मैच कोरबा पश्चिम के गौरव गुप्ता रहे, जिन्होंने शानदार 39 रन बनाए और 3 विकेट भी प्राप्त किया। इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में रायपुर सेंट्रल ने जगदलपुर को 54 रन से हराया। रायपुर सेन्ट्रल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 213 रन का विशाल लक्ष्य जगदलपुर की टीम को दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगदलपुर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 159 रन ही बना सकी। मैच के मैन ऑफ द मैच रायपुर सेन्ट्रल टीम के कप्तान रोहित वर्मा रहे। जिन्होंने शानदार 45 रन बनाए और 4 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट हासिल किया। मैच में इस प्रतियोगिता का पहला शतक रायपुर सेन्ट्रल के विश्वास वैष्णव ने बनाया, जिन्होंने 53 गेंदों में शानदार 105 रन बनाए।
![]()

