कोरबा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे कीओर से कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर समपार रेलवे फाटक पर मंगलवार को ओवरहॉलिंग और रोड सरफेस का काम कराया गया। इस कारण सुबह करीब 10 बजे से शाम लगभग 7 बजे तक रेलवे फाटक पूरी तरह बंद रखा गया। फाटक बंद रहने से कुसमुंडा इमलीछापर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह जैसे ही कोयलांचल क्षेत्र के लोग अपने अपने काम के लिए घर से निकले और इस मार्ग पर पहुंचे, उन्हें जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। रेलवे फाटक बंद होने के कारण पहले से ही बड़ी संख्या में वाहन खड़े थे। धीरे-धीरे वाहनों की कतार बढ़ती चली गई और देखते ही देखते सड़क पर करीब एक से दो किलोमीटर तक जाम जैसे हालात बन गए। इस दौरान लोग काफी देर तक सड़क पर फंसे रहे। जाम के कारण कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आम लोग खासे परेशान रहे। तेज धूप और गर्मी के बीच सड़क पर खड़े रहना लोगों के लिए मुश्किल हो गया। कई लोग जरूरी काम से शहर की ओर जा रहे थे, लेकिन जाम के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई वाहन चालक तो काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ लोग रास्ता बदलकर दूसरी ओर से जाने की कोशिश करते नजर आए। फाटक बंद रहने के कारण इमलीछापर रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जाम का असर कुचेना मोड़ तक देखने को मिला। इस दौरान भारी वाहनों के साथ-साथ कार, ऑटो और बाइक सवार भी जाम में फंसे रहे। पूरे दिन इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त रही और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई लोगों ने इस स्थिति को लेकर नाराजगी भी जताई। कुसमुंडा इमलीछापर रेलवे फाटक पर ओवरहॉलिंग और रोड सरफेस सुधार का काम किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य के दौरान समपार फाटक से होकर गुजरने वाले सड़क मार्ग बंद रखा गया था। रेलवे प्रशासन की ओर से इस कार्य की सूचना पहले ही जारी की गई थी, लेकिन कोयलांचल क्षेत्र के अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। यही वजह रही कि बड़ी संख्या में वाहन चालक उसी मार्ग पर पहुंच गए और जाम में फंस गए। कई लोगों का कहना था कि अगर उन्हें पहले से जानकारी होती तो वे दूसरे रास्ते का इस्तेमाल कर लेते।
मार्ग पर अक्सर लगता है जाम
इमलीछापर मार्ग कोयलांचल का व्यस्त मार्ग है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग कोरबा शहर आना-छोटे और भारी वाहनों की लगातार जाना करते हैं। इस मार्ग से दिन-रात आवाजाही रहती है, जिससे यातायात का दबाव बना रहता है। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर जाम की समस्या नई नहीं है। अधूरा सड़क निर्माण, ओवरब्रिज का अधूरा काम, बार-बार रेलवे फाटक बंद होना और कई बार भारी वाहनों के खराब हो जाने की वजह से यहां अक्सर जाम लग जाता है।
![]()

