कोरबा। जिले में शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था को दुरूस्त रखने सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस आमलोगों के बीच भी पहुंच रही है। इसी कड़ी में मानिकपुर पुलिस ने उरांव बस्ती पहुंचकर चौपाल लगाई। लोगों को नशा और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले दुष्परिणाम से अवगत कराया गया। पुलिस की समझाइश पर लोगों ने नशा के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रहने का संकल्प लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने थाना चौकी प्रभारियों को बेहतर पुलिसिंग के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और निराकरण का प्रयास करने निर्देशित किया है। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना चौकी प्रभारियों ने अमल भी शुरू कर दिया है। जहां थाना चौकी पुलिस अपराध पर नियंत्रण के लिए सघन जांच अभियान चलाते हुए असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है, वहीं बस्तियों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। उन्हें आन लाइन ठगी से बचने के उपाय सुझाए जा रहे हैं। यातायात नियमों का पालन करने समझाइश दी जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को मानिकपुर पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ उरांव पारा पहुंचे। उन्होंने सामुदायिक भवन के समीप चौपाल लगाई। पुलिस चौकी प्रभारी ने बस्तीवासियों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी समसयाएं सुनी। उन्होंने बस्तीवासियों को समस्याओं का यथाशक्ति निराकरण का आश्वासन दिया। श्री राठौर ने बस्तीवासियों को साइबर ठगी और उससे बचाव के उपाय सुझाए। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने सहित अपराध से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने बस्तीवासियों को नशा और नशे के अवैध कारोबार के दुष्परिणाम से भी अवगत कराया। पुलिस की समझाईश का बस्तीवासियों पर गहरा असर पड़ा। बस्तीवासियों ने शराब बनाने, बेचने और पीने से तौबा करने का संकल्प लिया। चौकी प्रभारी श्री राठौर ने कहा कि आने वाले दिनों में भी पुलिस आमलोगों की बीच पहुंचकर बातचीत करेगी। उनकी समस्या का निराकरण किया जाएगा।
![]()

