एक महिला सहित चार ग्रामीणों से 500 लीटर महुआ शराब जप्त
कोरबा। हरदीबाजार पुलिस ने मुरली में छापामार कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार ग्रामीणों से 500 लीटर महुआ शराब जप्त किया है। यह शराब घर में बनाकर भंडारित किया गया था। आरोपियों ने शराब को थोक व चिल्हर में खपाने की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने दिशा निर्देश जारी किया है। उनके निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा व सीएसपी रॉबिंसन गुडिय़ा के मार्गदर्शन में हरदी बाजार थाना प्रभारी नितिन उपाध्याय ने भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसके लिए उन्होंने मुखबिरो का जाल बिछाया हुआ है। थाना प्रभारी श्री उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुरली के नायक पारा में रहने वाले कुछ ग्रामीण घर में शराब बनाकर भंडारण कर रहे हैं। इस शराब को अलग-अलग जगह खपाने की योजना तैयार की गई है। थाना प्रभारी श्री उपाध्याय ने आला अफसरों को मामले से अवगत कराया। जिसे गंभीरता से लेते हुए सीएसपी श्री गुडिय़ा के नेतृत्व में हरदीबाजार और कुसमुंडा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। संयुक्त टीम ने ग्राम मुरली में एक के बाद एक कई घरों में दबिश दी। इस दौरान योगेश नायक 22 साल , जान सिंह नायक 35 साल, बान सिंह नायक 33 साल व पुष्पा बाई नायक 32 साल से 500 लीटर महुआ शराब बरामद हो गया। यह शराब आरोपियों ने घर में बनाकर अलग अलग जेरिकेन में भंडारण करके रखा हुआ था। आरोपियों से जप्त शराब की कीमत करीब 50 हजार रूपये आंकी गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत कारवाई की गई है।
बॉक्स
रेलवे के ओल्ड पीआरएस कम्पाउण्ड से महुआ शराब बरामद
शुक्रवार की देर शाम आरपीएफ प्रभारी आरएस चंद्रा व आबकारी विभाग के उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडे ने टीम के साथ स्टेशन के आसपास विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जांच अभियान शुरू की । जब टीम रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ओल्ड पीआरएस कंपाउंड पहुंची तो झाडिय़ों के बीच संदिग्ध सामान मिला। टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो दो जेरीकेन में महुआ शराब भर कर छिपाया गया था, जिसे संयुक्त टीम ने जप्त करते हुए वैधानिक कार्रवाई की है।
![]()

