एसडीएम के आश्वासन पर भी सडक़ बदहाल, किया चक्काजाम, प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर कार्य प्रारम्भ होने का दिया आश्वासन
कटघोरा। बदहाल हुई सडक़ पर चलने में हो रही मुश्किलों से नाराज लोगों को जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो आखिरकार उन्हें चक्काजाम के लिए मजबूर होना पड़ा। एनएच-130 पर जेंजरा-ढेलवाडीह बायपास में लखनपुर में लोगों ने सोमवार को चक्काजाम किया। इससे आवाजाही में परेशानियां आई। सूचना मिलने पर पुलिस यहां पहुंची। लोगों को समझाने की कोशिश की गई। प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर कार्य प्रारम्भ होने का आश्वासन दिया है। जिले के कटघोरा सब डिवीजन के अंतर्गत लखनपुर के ग्रामीणों ने अपनी समस्या को हल कराने के लिए आखिरकार सडक़ पर उतरकर विरोध जताया। काफी संख्या में ग्रामीण बायपास पर बैठ गए। वे अपने साथ बैनर पोस्टर भी रखे थे जिसमें लिखा गया था कि यहां कि मुख्य सडक़ पर गड्ढे हैं। अरसे से इस प्रकार के हालात हैं। इस स्थिति में आवाजाही करने को लेकर परेशानियां पेश आ रही है। कई बार घटनाएं हो चुकी है। रात्रिकालीन आवाजाही को लेकर सोचना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि उन्होंने यहां की बदहाली को लेकर सरकार के मंत्रियों के साथ-साथ उच्चाधिकारियों और प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई। सबने अलग-अलग प्रकार की बातें की। पिछले दिनों इस मसले पर 11 नवम्बर को सौपे गए ज्ञापन के बाद एसडीएम की ओर से आश्वासन मिला था कि रोड से जुड़ी हुई समस्या को दूर किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग को सडक़ पर गड्ढों की मौजूदगी को दूर करने के लिए कहा गया था। आश्वस्त किया गया था कि समय सीमा में यह काम हो जाएगा। ग्रामीण इस बात से खफा हैं कि प्रशासनिक अधिकारी की बात का कोई असर नहीं हुआ और लोक निर्माण विभाग ने कोई काम नहीं किया। समय पार होने से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को बायपास पर चक्काजाम करने के साथ नारेबाजी की। इस दौरान बायपास के दोनों तरफ आवाजाही थम गई और काफी संख्या में वाहन रूक गए। कटघोरा टीआई धर्मनारायण तिवारी व पोंडी उपरोड़ा तहसीलदार सुमन मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई और प्रशासन ने 10 दिनों का समय मांगा। जिसपर ग्रामीणों ने लिखित में सहमति पत्र मांगा और यह कहा कि यदि 10 दिनों में समस्या पर कोई कार्यवाही की गई तो उन्हें उग्र आंदोलन के साथ वृहद रूप से चक्काजाम करने पर मजबूर होना पड़ेगा। तहसीलदार सुमन मानिकपुरी ने बताया कि सडक़ से जुड़ी हुई समस्या को लेकर लोगों ने सांकेतिक चक्काजाम किया है जिससे मुश्किलें हुई हैं। समाधान को लेकर ग्रामीणों से 10 दिनों का समय मांगा गया है जिसपर अधिकारियों से बात हो गई है और कल से ही कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा, अभी के लिए तात्कालिक तौर पर जेसीबी लगाकर सडक़ पर धूल को हटाया जा रहा है और नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव किया जाएगा।
बॉक्स
वादाखिलाफी के खिलाफ भडक़ा गुस्सा
लखनपुर के लोग इस बात को लेकर भी भडक़े हुए हैं कि आखिर इस इलाके के साथ अफसर वादाखिलाफी क्यों कर रहे हैं। इस चक्कर में उनकी समस्याएं बढ़ती है। ग्रामीणों ने कहा कि जब उपर के लोग प्राथमिकताएं तय करते हैं तो उन्हें इस बात की चिंता करनी चाहिए कि जमीन पर क्रियान्वयन को लेकर किस स्तर पर काम किया जा रहा है। यही वजह है कि लोग आक्रोशित हो उठे।
![]()




























