कोरबा। निगम क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिक निगम के वार्ड राताखार में गणेश मंदिर के सामने एक कबाड़ी के द्वारा कराए गए बड़े और अवैध निर्माण को जेसीबी के माध्यम से ढहा दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी भी यहां मौजूद रहे। नगर निगम, जिला व पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में अवैध निर्माण को धराशाई किया गया।
संयुक्त कार्रवाई को लेकर जहां कबाड़ियों के बीच खलबली मच गई है, वहीं पुलिस और प्रशासन ने अपनी धमक ऐसे अवैध कारोबारियों पर बढ़ाई है। बताते चलें कि इस तरह की कार्रवाई राजधानी रायपुर व बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में हो चुकी है। अवैध निर्माण कर कबाड़ दुकान और बड़े-बड़े गोदाम का संचालन कर रहे दूसरे कबाड़ियों में इस कार्रवाई से खलबली मच गई है कि देर-सबेर उनका भी नंबर आ जाएगा। जिले में कबाड़ का कारोबार बिना लाइसेंस के संचालित हो रहा है। एक-दो कबाड़ियों को छोड़ दें तो संभवत: किसी के पास कबाड़ दुकान संचालन के संबंध में वैध लाइसेंस नहीं है। कबाड़ दुकान की आड़ में चोरी का लोहा,तांबा,अल्युमिनियम, पीतल खरीदा और दूसरे जिलों में बेचा जा रहा है।
![]()

