कोयला कर्मियों का 11 साल में बढ़ा 55 हजार 500 रूपए बोनस, इस साल की बढ़ोत्तरी पर टिकी कर्मियों की नजर
कोरबा। कोयला खदान में कार्यरत कर्मियों के बोनस को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। पिछले 11 साल में कोयला कर्मियों का 55 हजार 500 रूपए बोनस बढ़ा है। वर्ष 2011 में 21000 हजार बोनस मिला था। पिछले वर्ष कर्मियों को 76 हजार 500 रुपए बोनस प्रदान किया गया था। इस बार इससे ज्यादा राशि मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे लेकर विभिन्न यूनियन नेता भी अलग-अलग दावा कर रहे हैं। आगामी 15 अक्टूबर से नवरात्र पर्व की शुरुआत के साथ ही दुर्गा पूजा शुरू होगी। 25 अक्टूबर को दशहरा पर्व है। इसके पहल कोयला कर्मियों को बोनस भुगतान करने का प्रावधान रहा है। बोनस भुगतान समय पर करने के लिए प्रबंधन अपने स्तर पर तैयारी में जुट गया है। हालांकि बोनस को लेकर बैठक की घोषणा अभी नहीं हुई है। प्रबंधन बोनस देने के पहले श्रमिक संघ प्रतिनिधियों की बैठक की तिथि निर्धारित करता है। तब जाकर इसमें बोनस पर सहमति प्रदान की जाती है। श्रमिक संघ प्रतिनिधि बोनस को लेकर अपने-अपने संगठन में बैठक कर रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। इस वर्ष कितना बोनस मिलेगा इस पर मंथन किया जा रहा है। कर्मचारियों को भी उम्मीद है कि इस बार उन्हें बेहतर बोनस प्रदान किया जाएगा।
बाक्स
पीएलआर नाम से मिलेगा बोनस
कोल कर्मियों को बोनस परफार्मेंस लिंक्ड रिवार्ड (पीएलआर) के नाम से प्रदान किया जाता है। श्रमिक नेताओं का कहना है कि बोनस की सीलिंग बनी हुई है। इससे ज्यादा राशि का भुगतान नहीं किया जा सकता है। वहीं पीएलआर नाम से कर्मियों को अधिक राशि का भुगतान कराया जाता है। यही वजह है कि प्रबंधन बोनस को लेकर आयोजित बैठक के लिए अपने पत्र में भी पीएलआर का उल्लेख करता है।
बाक्स
कब कितना मिला बोनस
वर्ष राशि
2011 21000
2012 26000
2013 31500
2014 40000
2015 48500
2016 54000
2017 57000
2018 60500
2019 64700
2020 68500
2021 72500
2022 76500