कोरबा जिले को विकास से रखा गया दूर, आजाद जनता पार्टी के पदाधिकारियों की पत्रकारवार्ता
कोरबा । आजाद जनता पार्टी के कोरबा विधानसभा के प्रत्याशी अमनदीप सिंह गिल, प्रदेश अध्यक्ष उज्जवल दीवान, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनू दीप, तरुण प्रधान ने प्रेसवार्ता में कहा कि कोरबा जिले को आज तक विकास से दूर रखा गया है। छत्तीसगढ़ की उर्जाधानी कोरबा से ही छत्तीसगढ़ राज्य को सबसे ज्यादा राजस्व प्राप्त होता है । बड़ी बड़ी फैक्ट्रियां और कम्पनियां यहां है ,लेकिन कोरबा की जनता ही पिछड़ी हुई है । आज तक कोरबा के जितने भी मंत्री, विधायक और सांसद हुए हैं उन्होंने सिर्फ अपना व्यक्तिगत स्वार्थ सिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता के उत्थान के लिए कोई प्रयास नहीं किये हैं और कोरबा को भ्रष्टाचार ,कमीशनखोरी, भूमाफिया और अपराध का गढ़ बना दिया गया है। आम जनता सुरक्षित नही है और पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है । जनता अब बदलाव चाह रही है। कोरबा के सारे वोटर नाराज चल रहे हैं और बदलाव चाहते हैं इसलिए आजाद जनता पार्टी के द्वारा प्रसिद्ध समाजसेवी, विचारक एवं शिक्षाविद अमनदीप सिंह गिल को कोरबा विधानसभा का प्रत्याशी बनाया गया है, ताकि योग्य व्यक्ति के आने से कोरबा का विकास किया जा सके। पत्रकार वार्ता के दौरान आजाद जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही कोरबा जिले के अन्य सीटों पर प्रत्याशियों व आस पास के क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी ।
![]()

