कोरबा। नगर पालिक निगम अंतर्गत वार्ड क्रमांक 28 प्रधानमंत्री आवास मुड़ापार के बी-ब्लॉक का सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त है। जिससे यहां निवासरत लोगों को मजबूरन मलमूत्र के ऊपर से होकर गुजरना पड़ रहा है। साथ ही इसकी बदबू भी सहन करनी पड़ रही है। समस्या को लेकर कई बार आवेदन किए जाने के बाद भी जनप्रतिनिधि व निगम प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत कलेक्टर व निगम आयुक्त से की है। इस संबंध में किए गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि सीवर लाइन के टूट जाने से गंदगी रास्ते में फैल रही है। गंदगी के ऊपर से होकर लोगों को आना -जाना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधि को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। टोल फ्री नंबर पर शिकायत उपरांत सफाई तो कर दी जाती है, लेकिन टूटे सीवर लाइन की मरम्मत नहीं किए जाने से कुछ दिन में स्थिति जस की तस हो जाती है। स्थानीय निवासियों ने शीघ्र क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन के सुधार की मांग की है।
![]()




























