गरीबों का राशन डकारना पड़ा महंगा, सोसायटी विक्रेता करेगा भरपाई, खाद्यान्न नहीं मिलने के मामले में कलेक्टर एक्शन मोड में
कोरबा। गरीबों को 4 माह से शासकीय खाद्यान्न नहीं मिलने के मामले में कलेक्टर ने संज्ञान लिया है। उनके निर्देश पर जब खाद्य निरीक्षक ने पड़ताल की तो अंतर की शेष खाद्यान्न देने का लिखित में वादा कर इकरारनामा दिया गया है। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत घुंचापुर के ग्राम लालपुर के दर्जनों ग्रामीणों को समय पर हर महीने चावल नहीं मिल रहा है। कार्डधारक हितग्राहियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें चावल नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से कलेक्टर अजीत वसंत को भी अवगत कराया। उन्होंने इस पर त्वरित संज्ञान लिया।खाद्य निरीक्षक के द्वारा बुधवार को ग्राम लालपुर जाकर शिकायतकर्ताओं व कार्डधारकों से मुलाकात की गई। ग्राम पंचायत घुंचापुर में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालक आशा महिला स्व सहायता समूह के द्वारा नियुक्त सहायक विक्रेता लरंग साय ने लिखित में इकरारनामा कर भरपाई का वादा किया है। उसने लिखा है कि ऑनलाइन डाटा सूची में प्रदर्शित बचत स्टॉक की मात्रा चावल 372.20 क्विंटल, शक्कर 20.07 क्विंटल, चना 61.67 क्विंटल, नमक 35.54 शो कर रहा है। उसकी भरपाई उसके द्वारा किया जाएगा। वितरण के दौरान जो खाद्यान्न वितरण हेतु बचत स्टोर नहीं होने की स्थिति में प्रतिमाह भरपाई किया जाएगा।
![]()

