गर्मी में बढ़े हरी सब्जियों के दाम, बिगड़ रहा रसोई का बजट
कोरबा। गर्मी की वजह से हरी सब्जियों की कीमतों में आयी उछाल से मध्यमवर्गीय व गरीब तबके के लोग परेशान हो गये हैं। अदरक, मुनगा, लहसुन व करेला का दाम सुनकर लोग सोच में पड़ रहे हैं। हरी सब्जियों की कीमत में हुई बढ़ोतरी से घर का बजट गड़बड़ाने लगा है। लोगों का कहना है कि इस समय शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। आम आदमी की थाली से धीरे-धीरे हरी सब्जियां गायब होती जा रही हैं। एक सप्ताह पहले तक 20 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर इस समय 30 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। आलू की कीमतों में भी उछाल आया है। आलू 30 -35 रुपये बिक रहा है।सब्जी के दाम बढऩे से रसोई का बजट बिगड़ रहा है। गर्मी जिस तरह से बनी हुई है उससे बाजार में जून तक सब्जी की कमी की आशंका जताई जा रही है। असल में बाहर से जो सब्जी आती है, उसके बाजार तक पहुंचने से पहले खराब हो जाने का डर रहता है, जिस कारण बाहर के व्यापारियों ने सब्जी भेजना कम कर दिया है। इसका असर साप्ताहिक बाजार पर पड़ा और सब्जी की कमी हो गई है।गर्मी के कारण नगर के साप्ताहिक बाजार में बाहर से आने वाली सब्जियों की आवक घट गई है। इस समय बाजार से 40 फीसदी तक सब्जियां गायब हो गई हैं। सब्जियों के रेट में उछाल से लोग परेशान हैं। यही हाल रहा तो मूल्य और बढऩे की आशंका है। गर्मी का बढ़ता प्रकोप लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
![]()

