कोरबा। दंपती के बीच मुर्गा भात खाने के बाद चरित्र संदेह को लेकर विवाद शुरू हो गया। पति ने विवाद बढ़ने पर तैश में आकर पत्नी पर बहिंगा (लकड़ी के लंबे डंडे) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इतने में भी मन नहीं भरा तो उसके सिर को दीवार में पटक दिया, जिससे गंभीर महिला की देर रात मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस फॉरेंसिक एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना जिले के सरहदी थाना पसान अंतर्गत ग्राम साजाकछार सारिसमार की है। यहां राजूलाल कुजुर 37 वर्ष निवास करता है। उसने सोमवार को घर में मुर्गा भात खाने की योजना बनाई थी, जिसमें अपने भतीजे नन्नु कुजुर को भी आमंत्रित किया था। रात करीब 9 बजे तक घर में खाने पीने का दौर चलता रहा। इसके बाद नन्नु घर चला गया। उसके जाते ही राजूलाल और उसकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच विवाद शुरू हो गया। राजू ने विवाद बढ़ने पर घर में रखे बहिंगा से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके बुरी तरह घायल होने के बाद भी राजू का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने पत्नी के सिर को दीवार में पटक दिया, जिससे वह लहुलुहान हो गई। उसे अस्पताल ले जाने के बजाय राजू गहरी नींद सो गया। उसकी पत्नी ने इलाज के अभाव में रात करीब तीन बजे दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मंगलवार की तड़के भतीजे नन्नु को हुई। वह सीधे थाना जा पहुंचा। उसने घटना की सूचना पुलिस में दर्ज करा दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे आला अफसरों को मामले से अवगत कराते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को निरीक्षण के दौरान मृतिका के सिर व शरीर में गंभीर चोंट के निशान मिले। इसके अलावा दीवार में भी खून के निशान मिले। पुलिस ने राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने चरित्र संदेह को लेकर उपजे विवाद को हत्या का कारण बताया। मामले में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बहिंगा को बरामद कर लिया। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत जेल दाखिल करा दिया है।
![]()

