चार माह में ही सुभाष ब्लॉक मुख्य मार्ग हुआ खस्ताहाल, लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी
कोरबा। एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के सिविल विभाग द्वारा 4 महीने पहले ही सुभाष ब्लॉक मुख्य मार्ग का डामरीकरण कराया गया था। कुछ दिन में ही कई जगह सडक़ उखड़ गई है और इसमें गड्ढे हो गए हैं। क्वालिटी और मॉनिटरिंग की पोल खुल गई है। वर्षा ऋतु के दौरान मार्ग से आवागमन में परेशानी होगी।
कोयला कंपनी के निर्माण कार्यों पर लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं और ऐसा एक बार फिर हुआ। एसईसीएल ने ठेके पर सडक़ डामरीकरण कराया था। काफी जल्दबाजी में इस काम को किया गया। हालात ऐसे हैं कि कालीबाड़ी तिराहा से कोलियरी मस्जिद तक बीच में कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं और सडक़ एक प्रकार से गायब हो गई है। बारिश होने पर गड्ढे में भरा पानी लोगों को कंफ्यूज करता है कि यहां से बचें या पार हो जाए। रोज आवागमन करने वाला वर्ग इस बात को जानता है कि मुश्किल कहां पर है, लेकिन अनजाने लोग अनहोनी का शिकार हो जाते हैं। लगातार इस प्रकार की परिस्थितियों निर्मित हो रही है और इसकी जानकारी अधिकारियों तक पहुंच भी रही है। हैरानी की बात यह है की ना तो प्रबंधन और ना ही सिविल विभाग के स्टाफ ऑफिसर ध्यान दे रहे हैं। और तो और कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी पर इस बात के लिए दबाव भी नहीं बनाया जा रहा है कि वह अपने घटिया काम की वजह से लोगों को हो रही परेशानी का समाधान करने का रास्ता निकाले। सीजीएम कार्यालय से मानिकपुर कालोनी को जाने वाले रास्ते में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। मानिकपुर पोखरी के नजदीक की सडक़ भी टूट-फूट का शिकार है। स्थानीय लोगों सुधार के लिए ध्यानाकर्षित कराया लेकिन बात नहीं बनी।
![]()




























