चालक-परिचालक को नहीं मिल रहा पीएफ का लाभ
कोरबा। शहर में सिटी बस संचालक मनमानी तरीके से सिटी बस चला रहे हैं। केंद्र सरकार की महती योजना का लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है तो दूसरी ओर सिटी बस के चालक-परिचालक को पीएफ का लाभ नहीं मिल रहा है। यह आरोप नगर के सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सिन्हा ने लगाया है। सिन्हा ने आरोप लगाया है कि सिटी बस सेवा गरीब, मजदूर, विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई थी। निगम के अधिकारियों ने पूर्व में ठेकेदार से किए एग्रीमेंट में सिटी बस रिपेयरिंग का उल्लेख जानबूझकर नहीं किया। इस कारण बसों के मरम्मत का समय आया तो बहाना बनाकर सिटी बस चलाने से इंकार कर दिया गया। मामला हाई कोर्ट में गया तो एग्रीमेंट में बस मरम्मत का कोई उल्लेख नहीं था जिसका लाभ पूर्व ठेकेदार को मिला। वर्तमान में 48 सिटी बसों के स्थान पर 14 बसें चलाई जा रही है।