चुनावी मौसम में धान खरीदी का नहीं खुल रहा खाता, मौसम में बदलाव को लेकर किसानों की बढ़ी चिंता
कोरबा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य 1 नवम्बर से शुरू हो गई इसकी तैयारी उपार्जन केंद्रों में पूरी कर ली गई है परंतु धान कटाई नहीं होने से अब तक केंद्र में बोहनी नहीं हो सकी है। धान की आवक दीपावली के बाद होने की संभावना है । अब तक उपार्जन केंद्रों तक किसान धान बिक्री के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। इससे समितियों की परेशानी बढ़ गई है। चुनावी सीजन में धान खरीदी का अधिकांश केंद्रों में खाता नहीं खुला है। वहीं मौसम में बदलाव को लेकर किसान भी चिंतित हैं। जिले के खेतों में धान की कटाई की प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है। अभी तक अधिकांश खेतों में धान पककर तैयार नहीं हुए हैं। किसान फसल के पकने का इंतजार कर रहे हैं, कुछ किसानों ने हाल में फसल की कटाई शुरू की है। बताया जा रहा है कि जिले में धान की फसल लेने वाले किसान और रकबा में इजाफा हुआ है। धान की फसल के लिए इस बार पांच हजार से अधिक नए किसानों ने पंजीयन कराया है। कृषि विभाग की माने तो इस बार 48 हजार से अधिक किसानों ने 90 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबा में धान की फसल लगाए गए हैं। रकबा और किसानों की संख्या बढ़न से प्रशासन ने किसानों के लिए 65 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में धान खरीदी शुरू हुए पांच दिन बित गए हैं। लेकिन अभी तक किसी भी केंद्रों में धान की खरीदी शुरू नहीं हो सकी है। केंद्रों में कर्मचारी किसानों का इंतजार करते हुए बैठे हुए हैं।अब मौसम ने करवट ली है। यह किसानों की परेशानी का कारण बनी हुई है। खेतों में फसल है। दो दिन पहले मौसम ने करवट ली और शहर से लेकर ग्रामीण इलाके के अधिकांश क्षेत्रों में रिमझिम बारिश हुई। आसमान में बदली अब भी छाए हुए हैं। अब बारिश हुई तो इसका असर धान के उत्पादन पर पड़ेगा।
बॉक्स
छुरी में इस बार 300 नये किसानों ने कराया पंजीयन
राज्य शासन के आदेश के तहत धान खरीदी एक नवम्बर से शुरू करने को लेकर उपार्जन केंद्रों मे एक सप्ताह पहले से तैयारी में लगे रहे। एक नवम्बर से नगर पंचायत छुरीकला धान खरीदी केंद्र में अधिकारी कर्मचारी किसानों का पूरे दिन इंतजार करते रहें परंतु बोहनी नहीं हुई। नगर पंचायत छुरीकला मेें धान बिक्री के लिए कुल 1463 किसानों ने पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष 11 सौ किसानों के पंजीयन किये गये थे और 29 हजार 560 क्विंटल धान खरीदी की गई थी। इस बार 300 नये किसानों ने पंजीयन कराया है इससे किसानों की संख्या बढ़ी है। नगर पंचायत छुरीकला धान वितरण केंद्र के अंतर्गत 40 गांव के किसानों का धान खरीदा जाता था परंतु पिछले वर्ष शासन द्वारा किसानों की मांग पर ग्राम सुमेधा को नया धान खरीदी केंद्र बनाकर छुरीकला वितरण केंद्र से जोड़ दिया गया। पिछले बार 1100 किसानों का पंजीयन किया गया था और 29 हजार 560 क्विंटल धान खरीदी की गई थी। इस बार किसानों की संख्या बढ़ने से धान खरीदी म़ें बढ़ोतरी हो सकती है।
![]()

