ट्रक में लोड मिली साढ़े 22 लाख की साड़ी, उरगा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
कोरबा। जिले की सरहद पर वाहनों की जांच कर रही उरगा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब एक ट्रक को रोक कर तलाशी ली गई। यह ट्रक 22 लाख 50 हजार रुपए कीमती नौ हजार नग साडिय़ों से भरा मिला। जिसे पुलिस ने जप्त किया है। पुलिस चुनावी साड़ी होने की आशंका पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस कप्तान जितेन्द्र शुक्ला ने विधान सभा चुनाव के मद्देनजर अवैध सामग्री व नगदी के लाने ले जाने पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं । उनके निर्देश एएसपी अभिषेक वर्मा, सीएसपी कोरबा भूषण एक्का के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम जिले की सरहद पर उच्चभित्ति बेरियर के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएम 1895 पहुंचा। ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर वह साड़ी से लोड मिला। जब चालक से पूछताछ की गई तो वह न तो दस्तावेज प्रस्तुत कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे सका। जिससे पुलिस ने चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने बांटने के लिए लाए जाने की आशंका पर ट्रक में लोड नौ हजार नग साड़ी को जप्त किया गया है। जिसकी कीमत करीब 22 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस चुनावी साड़ी होने की आशंका पर जांच पड़ताल कर रही है। कार्रवाई में उनि नवल साव,प्रधान आरक्षक सुनील पांडे,आरक्षक वीरेंद्र अनंत ने सराहनीय भूमिका निभाई।
![]()




























