त्रिपुरा स्टेट रायफल्स के जवानों से भरी बस खड़ी ट्रेलर से टकराई,रात्रि पाली में ड्यूटी के लिए जा रहे थे सुराकछार साइडिंग
कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर में बीते शुक्रवार को त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (टीएसआर) के जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि त्रिपुरा जवानों से भरी बस रात्रि पाली में तैनाती ड्यूटी के लिए सुराकछार साइडिंग जा रही थी। इसी दौरान कुसमुंडा – बांकी मोगरा मुख्य मार्ग में आनंद नगर के पास खोलार नाला पुल से थोड़ी ही दूर पहले पीपल पेड़ के पास मुख्य मार्ग पर रात तकरीबन 9 बजे धुंध और हल्की धूल की वजह से सडक़ किनारे खड़ी ट्रेलर को बस चालक देख नही पाया और बस की ट्रेलर के पीछे सीधी टक्कर हो गई। घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस टक्कर में जहां बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बताया जा रहा है कि कई जवानों को चोट भी लगी है। जिन्हें आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल घटना के 12 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के उपरांत भी घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को नही दी गई थी।
बॉक्स
बारातियों से भरी बोलेरो हुई हादसे का शिकार
बांगो थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोरगा के पास एक बोलेरो हादसे का शिकार हो गई। ढेलवाडीह से अंबिकापुर बारात जा रही बोलेरो सडक़ के बीचों बीच डिवाईडर में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं जिन्हें राहगीरों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम ढेलवाडीह से अंबिकापुर जा रही बारातियों से भरी एक बोलेरो वाहन दुर्घटना का शिकार हो गई। बाराती वाहन में ही फंस गए। राहगीरों की मदद से सभी बारातियों को बाहर निकाला गया। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए कटघोरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है जिनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
![]()

