कोरबा। कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में शनिवार को उस वक्त बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब एटक यूनियन के प्रमुख पदाधिकारियों सहित 75 कामगारों ने सामूहिक रूप से हिंद मजदूर सभा की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में आयोजित कार्यक्रम ने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को गरमा दिया है। इस दलबदल में एटक दीपका एरिया के अध्यक्ष जीत सिंह, यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह और सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े जैसे कद्दावर नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस पूरे बदलाव में एचएमएस के यूनिट जेसीसी सदस्य राजकुमार राठौर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। कोयला मजदूर सभा के जयघोष के बीच एचएमएस के वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर रेशम लाल यादव (स्टीयरिंग कमेटी सदस्य), तरुण राहा (महामंत्री), यज्ञेश कुमार द्विवेदी (क्षेत्रीय सचिव), सुरेंद्र कुमार स्वर्णकार (हाउस कमेटी सदस्य) सहित अन्य नेताओं ने नए साथियों को अंगवस्त्र व फूलमाला पहनाकर संगठन की विधिवत सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम का संचालन वेलफेयर मेंबर एसडी तिवारी द्वारा किया गया। रेशम लाल यादव ने कहा कि एचएमएस दीपका में युवाओं की एक बड़ी टीम का जुड़ना सुखद है। हमारा संगठन हमेशा से मजदूरों की सुरक्षा और हितों के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इनके आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। तरुण राहा ने कहा कि श्रमिकों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। एचएमएस की नीतियां हमेशा श्रमिक हितैषी रही हैं और हम उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे। जीत सिंह ने कहा कि रेशम लाल यादव के कुशल नेतृत्व और मजदूरों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए हमने एचएमएस का दामन थामा है। हमें विश्वास है कि अब श्रमिकों की आवाज और बुलंद होगी।
![]()

