दुग्ध व्यापारियों के परिवार के बीच मारपीट
कोरबा। दो दूध व्यापारियों की गाय आपस में लड़ीं तो उनके परिवार के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के लोग घायल होकर अस्पताल दाखिल हो गए। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया।शहर के खरमोरा वार्ड स्थित गोकुलनगर में दो दूध व्यापारी विनोद शर्मा व दीपनारायण ऊर्फ सोनू शर्मा परिवार समेत निवासरत है। पुलिस के मुताबिक विनोद शर्मा की पत्नी गुरुवार की सुबह 6 बजे घर के सामने टहल रही थी। इस दौरान दीपनारायण की एक गाय आकर उनके गाय से लडऩे लगी। इसे देखकर विनोद शर्मा की पत्नी ने पास मौजूद दीपनारायण के भाई मुन्नु शर्मा ऊर्फ शुभम को गाय को बांधकर रखने को कहा। तब मुन्नु शर्मा ने डायन कहते हुए गाय को नजर लगाने की बात कहकर गाली-गलौच की। उसी समय दीपनारायण वहां आया जो अपने भाई चुन्नु शर्मा, मुन्नु शर्मा व भतीजा छोटु शर्मा के साथ मिलकर धमकी देते हुए डंडे से मारपीट करने लगा। हल्ला सुनकर विनोद शर्मा अपने पुत्र मनीष के साथ अपनी पत्नी को बचाने पहुंचा। तब उन लोगों ने उनसे भी मारपीट की। इसमें तीनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल दाखिल कराया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी दीपनारायण समेत चुन्नु शर्मा, मुन्नु शर्मा व भतीजे छोटु शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
![]()




























