देखरेख के अभाव में पुष्प वाटिका की बिगड़ी सूरत, 75 लाख की लागत से हुआ था निर्माण

कोरबा। नगर पालिका दीपका ने 75 लाख रुपए की लागत से दो साल पहले पुष्प वाटिका का निर्माण कराया था। लेकिन उचित रखरखाव के अभाव में यह पुष्प वाटिका बदहाल है। परिवार समेत लोग यहां आकर समय व्यतीत कर सकें इसके लिए उद्यान का निर्माण कराया गया था।
कोयलांचल में रहने वाले एसईसीएल कर्मचारी परिवार के सदस्यों समेत आसपास गांवों के लोगों के लिए नगर पालिका दीपका ने पुष्प वाटिका का निर्माण कराया गया है। लेकिन देखरेख के अभाव में यहां का हाल बदहाल है। साफ-सफाई नहीं होने से यहां के परिसर व बैठने की जगह पर धूल की परत गई है। इस कारण पुष्प वाटिका में अब कोई आना भी पसंद नहीं करता है।दीपका के गोपीचंद पेट्रोल पंप के बाजू में पुष्प वाटिका का निर्माण कराया गया है। बच्चों के लिए भी यहां मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध कराया गया था। नगर पालिका दीपका के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अरूणीश तिवारी ने बताया कि पुष्प वाटिका के निर्माण का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है। लोग यहां घूमने भी नहीं पहुंचते। इसकी वजह देखरेख का अभाव है। इसके कारण परिसर में धूल भी जमा है। नगर पालिका के सीएमओ को पत्र लिखकर नियमित सफाई की मांग की है।
![]()

