Monday, February 16, 2026

नहर में डूबने से बालक की मौत

Must Read

कोरबा। परिजनों के साथ नहाने गए बालक ने दायीं तट नहर में छलांग लगा दी। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नही हो सके। उनकी आंखों के सामने बालक पानी के तेज बहाव में बह गया। यह खबर मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बालक की पतासाजी शुरू की। करीब दो घंटे बाद मौके से करीब 8 किलोमीटर दूर पंतोरा के समीप बालक का शव बरामद किया गया है। उरगा थानांतर्गत ग्राम पचौरा (कोथारी) विष्णु कंवर निवास करता है। उसका 9 वर्षीय पुत्र स्थानीय विद्यालय में पढ़ाई करता था। वह बीते कुछ दिनों से अपने मामा के घर ग्राम तरदा के जंगल पारा आया था। अपनी मामी रत्नी बाई व अन्य परिजनों के साथ रविवार की सुबह करीब 11 बजे रोशन दायीं तट नहर में नहाने गया था। उसे नहर में नीचे उतरते देख परिजनों ने तैरने के संबंध में पूछताछ की। रोशन ने तैराकी जानने की बात कहते हुए नहर में छलांग लगा दिया। वह खुद को पानी में बहने से नही बचा सका। परिजनों ने उसे पानी में बहते देख बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नही हुए। उनकी आंखों के सामने रोशन पानी के तेज बहाव में बह गया। यह खबर मिलते ही परिजन सहित ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेंद्र मरकाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में बालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नही मिला। थाना प्रभारी श्री तिवारी ने आला अफसरों के अलावा पंतोरा पुलिस चौकी प्रभारी को भी मामले से अवगत करा दिया। घटना की जानकारी होते ही पंतोरा पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस नहर में नजर रखी हुई थी। इसी दौरान बालक का शव नहर में तैरते दिखा। पुलिस ने तत्काल शव को बाहर निकाल लिया। साथ ही उरगा पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

Loading

Latest News

अदानी पावर प्लांट को जमीन नहीं देना चाहते ढनढनी के ग्रामीण, 27 फरवरी को प्रस्तावित जनसुनवाई से पहले सामने आया ग्रामीणों का विरोध

कोरबा। लैंको पावर प्लांट का अदानी कंपनी ने अधिग्रहण किया है। इसके बाद से संयंत्र विस्तार की कवायद शुरू...

More Articles Like This