कोरबा। घर पर काम करने वाली महिला ही मकान से नगदी और आभूषण पार करती थी। मकान मालिक ने गुप्त कैमरे लगवाए तो चोरी का राज खुल गया। चोरी का जेवर खरीदने वाला सराफा व्यापारी भी पुलिस पकड़ में आ गया है। बाँकीमोंगरा थाना अंतर्गत बाँकी मुख्य मार्ग पर भानु डेंटल क्लिनिक के ऊपर निवासरत कमल किशोर पिता राम कुमार दुबे ने थाना में सूचना दी कि उनके घर पर काम करने वाली महिला माना बाई द्वारा चोरी को अंजाम दिया गया है। लगातार घर से समान एवं नगद गायब होने के कारण प्रार्थी ने घर के अंदर सीसीटीवी कैमरा गुप्त रूप से लगाया तब जाकर पता चला कि घर में काम करने वाली महिला नौकरानी माना बाई ही चोरी को अंजाम दे रही है। जिसके बाद प्रार्थी ने थाना में जाकर जानकारी दी। नौकरानी ने घर से नगद 72500 रूपये 1 अंगूठी, कान का 1 जोड़ी झुमका (टाप), 1 जोड़ी पायल, बाजू बंद कर दिया था। इस पर पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी महिला से पूछताछ की गई। तब महिला ने आरोप स्वीकार कर समान को आरोपी खरीदार पुरुषोत्तम सोनी जो सोनार का कार्य करते है को बेचना बताया है। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर विवेचना की और समान की बरामदगी की गई जिसमें नगद 3600 रुपए, 1 जोड़ी झुमका (टाप), 1 जोड़ी पायल जप्त किया गया है।
![]()

