कोरबा। अटल आवास एमपी नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब आठ वर्षीय बालक पतंग उतारते समय ट्रांसफार्मर में लगे खुले तार के संपर्क में आ गया। उसे चिपके देख आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तार से अलग किया। साथ ही गंभीर रूप से झुलसे बालक को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार की दोपहर घटित हुई। सिविल लाइन थानांतर्गत एमपी नगर अटल आवास में प्रतिदिन की तरह लोगों की आवाजाही चल रही थी। इसी बीच स्कूल से घर लौट रहा 8 वर्षीय बालक मौके पर पहुंचा। उसकी नजर ट्रांसफार्मर के पास फंसे पतंग पर गई। वह ट्रांसफार्मर के करीब जाकर पतंग को उतार रहा था। इसी बीच अचानक बालक ट्रांसफार्मर के खुले तार की चपेट में आ गया। उसके संपर्क में आते ही तार से चिंगारियां निकलने लगी, जिसे देख आसपास मौजूद लोग सख्ते में आ गए। उन्होंने करीब जाकर देखा तो बालक तार से चिपका मिला। कालोनीवासियों ने किसी तरह बालक को तार से अलग किया। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया, जहां से बालक को निजी अस्पताल दाखिल कराया गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जिससे बालक की पहचान एमपी नगर निवासी अरहान खान के रूप में हुई। घटना के बाद कालोनीवासियों में भारी आक्रोश हैं। उनका कहना है कि कालोनी में चौबीस घंटे लोगों की आवाजाही होती है, इसके बावजूद ट्रांसफार्मर के तार को खुला छोड़ा गया है। जिसके संपर्क के आने से आए दिन मवेशियों की मौत हो रही है। बावजूद इसके सुधार के लिए पहल नहीं की जा रही है।
![]()




























